न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने शुक्रवार (30 अक्टूबर) को भारत के खिलाफ ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए चौथे टी20 में शतकीय पारी खेली. उन्होंने 49 गेंदों में 6 चौके और 10 छक्कों की मदद से 107 रन बनाए. इस दौरान स्ट्राइक रेट 218.37 का रहा. उनकी पारी ने न्यूजीलैंड को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया. फिलिप्स को पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब दिया गया, जिसके साथ उन्होंने सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
यह टी20 इंटरनेशनल में फिलिप्स का 10वां ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड रहा. कीवी टीम के पूर्व बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने भी अपने करियर में 10 बार टी20 इंटरनेशनल के अंदर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीता. अब आप कहेंगे कि दोनों का रिकॉर्ड बराबरी पर है, तो फिर फिलिप्स आगे कैसे हुए? तो आपको बता दें कि गप्टिल ने 122 मैचों में यह कमाल किया, जबकि फिलिप्स ने 101वें मैच में ही 10वां अवॉर्ड जीत लिया. लिहाजा वह सबसे आगे हो गए.
T20I में NZ के लिए सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड
10 बार- ग्लेन फिलिप्स (101 मैच)
10 बार- मार्टिन गुप्टिल (122 मैच)
7 बार- कॉलिन मुनरो (65 मैच)
7 बार- फिन एलन (66 मैच)
7 बार- ब्रैंडन मैकुलम (71 मैच)
7 बार- टिम सीफर्ट (94 मैच)
न्यूजीलैंड ने एकतरफा जीता चौथा टी20
मैच में पहले बैटिंग करने के बाद न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 259 रन बनाए. यह टी20 में टीम इंडिया के खिलाफ बनाया गया सबसे बड़ा टोटल रहा. न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स ने सबसे बड़ी पारी खेली. माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंद में 65 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. फिलिप्स और ब्रेसवेल ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 115 (40 गेंद) रन जोड़े. इस पारी में भारत के लिए मयंक यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए.
चेज के लिए उतरी टीम इंडिया की शुरुआत काफी खराब रही. सिर्फ 04 रन के स्कोर पर टीम ने 2 विकेट संजू सैमसन (04) और ईशान किशन (00) के रूप में गंवा दिए. खराब शुरुआत के बाद चेज में मेन इन ब्लू 200 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी. 20 ओवर में टीम ने 9 विकेट पर 172 रन बनाए. टीम को 87 रन से हार का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें: गंभीर-अय्यर की मनमानी से हारा भारत, हर कोई पूछ रहा वैभव सूर्यवंशी को क्यों किया बाहर?















