उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के नतीजों पर कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है. उत्तर प्रदेश में MLC चुनाव नतीजों पर यूपी के मंत्री ओपी राजभर ने कहा, MLC चुनाव में कुल मतदाता 14 लाख के आसपास थे और 60% पोलिंग हुई है और उसी को आधार मानकर सपा मान रहे हैं कि अब वो सरकार बना लेंगे.
योगी सरकार में मंत्री राजभर ने कहा कि उनको सोचना चाहिए ये 2-4 गांव से उन्हें वोट मिला है, हर गांव में 2000-4000 मतदाता हैं तो ऐसे गांव से जहां 5000 लोग हैं वहां से 20-50 लोग वोट करने गए हैं लेकिन जो मतदाता पीएम और योगी जी के कामों से खुश हैं तो इन सबका प्रभाव MLC चुनाव से नहीं था इस चुनाव में पढ़े-लिखे लोगों ने वोट दिया.
राजभर ने कहा कि अगर इसको लेकर किसी को गलतफहमी है तो जरा देखें कि देश-प्रदेश का लगभग 14 करोड़ से भी ज़्यादा मतदाता प्रदेश में हैं और अगर 60% पोलिंग हुई, तो लगभग 8 करोड़ के लगभग वोट पोल हुआ होगा और यहाँ 14 लाख में 6 लाख कुछ मतदाता का पोल हुआ तो दोनों की तुलना जमीन आसमान का है, अब इसको लेकर के अगर सपा उत्साहित है तो गलतफहमी में है.
इससे पहले ओम प्रकाश राजभर ने एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी तंज कसा था. उन्होंने अखिलेश यादव को उनकी पार्टी के प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा. राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, ‘अखिलेश जी, एमएलसी चुनाव के नतीजों में आपकी पार्टी के प्रदर्शन की आपको बहुत बधाई. वैसे ये बताइए, अपने मित्र राहुल जी को बधाई दिए या नहीं?’ उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को प्रत्याशी तक नहीं मिला और जहां प्रत्याशी उतारे गए, वहां नतीजा जीरो रहा. उन्होंने कर्नाटक का जिक्र करते हुए भी राहुल गांधी पर तंज कसा.
सीटों की मांग पर राजभर ने कांग्रेस को घेरा
राजभर ने कांग्रेस के खुद को सपा का बड़ा भाई मानने पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव को नसीहत दी कि विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे के समय कांग्रेस को एमएलसी चुनाव के नतीजे याद दिलाएं. उन्होंने सवाल किया कि जब सपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे, तब कांग्रेस ने उनका समर्थन क्यों नहीं किया? राजभर ने कहा कि कांग्रेस को हिस्सा चाहिए आधा और समर्थन देगी जीरो. यह बड़ी नाइंसाफी है.














