यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के बीच बयानबाजी सातवें आसमान पर है. गठबंधन पर कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद लगातार बयान दे रहे हैं. अब सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कांग्रेस नेता इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया दी है. इमरान मसूद ने कहा था कि बिना कांग्रेस के आगे नहीं बढ़ा जा सकता है. अब शिवपाल यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन में SP और कांग्रेस शामिल हैं. इसमें तो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्णय लेंगे. सपा नेता ने कहा कि जो नीचे के लोग हैं बोल रहे हैं, उनकी तो चलेगी नहीं.
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा था कि यह जल्द तय हो जाना चाहिए. इसमें देरी होने से नुकसान होता है. उन्होंने ये भी कहा था कि बीजेपी को अगर हराना है तो विपक्षी दलों को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए.
देवरिया से शिवपाल यादव का बीजेपी पर हमला
सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव मंगलवार (22 सितंबर) को देवरिया जिले के बरहज विधान सभा क्षेत्र के बी. आर. डी.पी.जी. कॉलेज पहुंचे थे, जहां पर पूर्व सांसद और समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक रहे मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर सभा को संबोधित किया. इस मौके पर उन्होंने बीजेपी को अब तक की सबसे भ्रष्टाचारी पार्टी और इस सरकार को सबसे भ्रष्टाचारी सरकार बताया.
शिवपाल यादव ने की बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील
शिवपाल यादव ने कहा, ”इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तन मन धन से जुड़ जाएं और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जीत दिलाने का काम करें.” पुण्यतिथि समारोह को आयोजित करने वाली मोहन सिंह की बेटी और बरहज विधानसभा से सपा के टिकट की प्रबल दावेदार कनकलता सिंह ने सभी मेहमानों को धन्यवाद किया.
एटा-कासगंज कार्यकारिणी भंग होने पर क्या बोले शिवपाल?
जब उनसे सवाल किया गया कि अखिलेश यादव ने आपके करीबियों को बैठक से निकाल दिया. एटा-कासगंज की कार्यकारिणी को भंग कर दिया? इस पर शिवपाल यादव ने जवाब देते हुए कहा, ”पार्टी कोई भी निर्णय संगठन को स्वस्थ और दुरुस्त रखने के लिए लेती है. चुनाव का वक्त है तो संगठन बहुत मजबूती के साथ काम करेगा. यह तो होता रहता है. बीजेपी वालों से तो आप लोगों ने पूछा नहीं कि वो तो हर साल बदल देते हैं. हर 6 महीने में तो कभी हर 3 महीने में बदल देते हैं.”
शिवपाल यादव आगे कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अगर कोई निर्णय लिया है तो संगठन को मजबूत करने के लिए लिया है. संगठन में कोई भी अनुशासनहीनता करेगा तो उस पर भी कार्रवाई होगी.
UP में 11 MLC सीटों पर चुनाव का ऐलान, 23 को मतदान, 27 अक्टूबर को काउंटिंग
















