पटना के बख्तियारपुर में आज रविवार 25 अक्टूबर तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान गैराज संचालक की हत्या के मुख्य आरोपी सौरभ सिंह के पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से पांच पिस्टल और 50 से ज्यादा कारतूस बरामद हुए हैं.
मुठभेड़ बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड पर हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि सौरभ अपने साथियों के साथ इलाके में आने वाला है. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की. आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया. लेकिन वे भागने लगे.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह के निष्कासन पर घमासान, JDU में गुटबाजी के आरोप; चिराग पासवान क्या बोले?
पुलिस ने उनका पीछा किया. इसी दौरान बदमाशों की ओर से फायरिंग की गई. जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई. इस दौरान एक गोली सौरभ के पैर में लगी और वह गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को पकड़ लिया.
बिल्डर से 20 लाख की सुपारी लेने का आरोप
सौरभ सिंह की उम्र 28 साल है. वह पटना के कंकड़बाग स्थित पत्रकार नगर का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, वह गैराज संचालक अंजनी नंदन कुमार की हत्या का मुख्य आरोपी है. आरोप है कि उसने एक बिल्डर से 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या की थी. इस मामले में उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है. गोली लगने के बाद सौरभ को बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.
26 सितंबर को हुई थी गैराज संचालक की हत्या
यह मामला पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर इलाके का है. 26 सितंबर की रात गैराज संचालक अंजनी नंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह भूपतिपुर में नंदन ऑटोमोबाइल नाम से गैराज चलाते थे.
जानकारी के अनुसार, अंजनी रात में गैराज बंद करके घर लौट रहे थे. तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
हत्या के बाद से आरोपी की तलाश में थी पुलिस
अंजनी की हत्या के बाद से पुलिस सौरभ की तलाश कर रही थी. पुलिस को उसके बख्तियारपुर इलाके में आने की सूचना मिली. इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई की. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. हत्या में इस्तेमाल हथियारों और कथित सुपारी के मामले में भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह को हटाने के बाद एक और बड़ी कार्रवाई, मयंक राज भी JDU से बाहर


















