राजस्थान के पिंक सिटी जयपुर में महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदर्शन करने पहुंची महिलाओं और पुलिस के बीच गुरुवार को जोरदार झड़प हो गई. शहर के पत्रिका गेट पर करीब दो दर्जन महिलाएं हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन करने पहुंची थीं. महिलाएं शांतिपूर्वक अपनी बात रखना चाहती थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन करने से रोक दिया.
इसके बाद महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही. हालात ऐसे हो गए कि पत्रिका गेट इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई और पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील नजर आया. प्रदर्शन में शामिल महिलाएं अलग-अलग क्षेत्र में काम करने वाली और पढ़ाई करने वाली छात्राएं थी.
यह भी पढ़ें: डूंगरपुर: 14 तोला सोना, आधा किलो चांदी, 23 लाख की चोरी का 48 घंटे में खुलासा
रोक के बावजूद प्रदर्शन पर अड़ी महिलाएं
प्रदर्शनकारी महिलाएं पुलिस के रोकने के बावजूद प्रदर्शन करने की जिद पर अड़ी रहीं. पुलिस उन्हें आगे बढ़ने से रोकती रही. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई. कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी करने और उनके कपड़े फाड़ने तक के आरोप लगाए. महिलाओं का कहना था कि वे शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने आई थीं, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका देने के बजाय जबरन रोका गया और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई.
10 दिन से प्रदर्शन की अनुमति मांगने का दावा
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि वे पिछले 10 दिनों से प्रदर्शन करने की अनुमति मांग रही थीं, लेकिन पुलिस की ओर से उन्हें अनुमति नहीं दी जा रही थी. महिलाओं का कहना है कि लंबे समय तक इंतजार करने के बाद उन्होंने गुरुवार को खुद ही प्रदर्शन करने का फैसला किया. इसके बाद वे बैनर और पोस्टर लेकर पत्रिका गेट पहुंचीं.
महिलाओं के मुताबिक, उनका उद्देश्य महिला सुरक्षा के मुद्दे को उठाना और अपनी मांगों को सामने रखना था. वे शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहती थीं, लेकिन मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया.महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया और इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई.
धरने पर बैठीं महिलाएं, नारेबाजी कर जताया विरोध
पुलिस और महिलाओं के बीच काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं पत्रिका गेट पर ही धरने पर बैठ गईं. उन्होंने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया. महिलाओं ने गीत गाकर भी अपनी बात रखने की कोशिश की। इस दौरान वे प्रदर्शन करने से रोकने को लेकर नाराजगी जाहिर करती रहीं.
प्रदर्शन के चलते पत्रिका गेट पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. मौके पर पुलिसकर्मी तैनात रहे और महिलाओं को नियंत्रित करने की कोशिश करते रहे। प्रदर्शनकारी महिलाएं अपनी मांगों को लेकर अड़ी रहीं.
महिलाओं का कहना है कि जब वे शांतिपूर्वक अपनी बात रखना चाहती थीं, तो उन्हें प्रदर्शन करने से क्यों रोका गया. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपने साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी किए जाने के आरोप लगाए. पुलिस ने आरोपों से इनकार किया है.
यह भी पढ़ें: जोधपुर: पंचायत चुनाव में कांग्रेस-RLP को झटका, प्रत्याशियों के नामांकन खारिज














