आर्थिक तंगी अब मेधावी विद्यार्थियों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपनों की राह में बाधा नहीं बनेगी. उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को जेईई और नीट की तैयारी का मौका दिया जा रहा है. दक्षणा फाउंडेशन की संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (JDST-2027) के माध्यम से चुने जाने वाले विद्यार्थियों को एक साल तक मुफ्त कोचिंग के साथ रहने और खाने की सुविधा भी मिलेगी. इससे उन छात्रों को मदद मिलेगी, जो पढ़ाई में अच्छे हैं, लेकिन महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकते.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के अवसरों को अधिक सुलभ बनाने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है. इसी क्रम में दक्षणा फाउंडेशन के सहयोग से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर दिया जा रहा है.
‘दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई…’, उपद्रवियों को CM योगी चेतावनी
JDST-2027 के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 12 की पढ़ाई पूरी करने के बाद पुणे के निकट स्थित दक्षणा वैली परिसर में एक साल तक जेईई या नीट की तैयारी कराई जाएगी. इस दौरान कोचिंग के अलावा रहने और खाने का खर्च भी नहीं देना होगा. इससे विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानी की चिंता किए बिना अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने में मदद मिलेगी.
कक्षा 10 के अंकों के आधार पर तय होगी पात्रता
इस योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को कुछ शैक्षिक मानकों को पूरा करना होगा. समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में पढ़ने वाले और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं.
इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए सामान्य श्रेणी के छात्रों को कक्षा 10 में गणित और विज्ञान विषयों में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी है. छात्राओं के लिए यह कटऑफ 80 प्रतिशत निर्धारित है. अन्य श्रेणियों के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग मानक लागू होंगे.
वहीं, मेडिकल की तैयारी के लिए सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए 80 प्रतिशत कटऑफ तय है. अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह 75 प्रतिशत, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए 65 प्रतिशत है. दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी अलग कटऑफ का प्रावधान किया गया है.
परिवार की सालाना आय भी होगी जरूरी
योजना में चयन के लिए केवल अच्छे अंक ही पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि परिवार की वार्षिक आय भी निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए. छात्रों के परिवार की सालाना आय तीन लाख रुपये से कम और छात्राओं के परिवार की आय पांच लाख रुपये से कम होनी चाहिए.
निर्धारित अंकों और आय संबंधी शर्तों को पूरा करने वाले विद्यार्थी इस अवसर के लिए आवेदन कर सकते हैं. चयन होने पर उन्हें एक साल तक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी सुविधाएं मुफ्त मिलेंगी.
प्रधानाचार्यों को पात्र विद्यार्थियों को जानकारी देने के निर्देश
समाज कल्याण विभाग ने सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को इस योजना के बारे में बताएं. साथ ही, पात्र विद्यार्थियों को आवेदन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी योग्य छात्र जानकारी के अभाव में इस अवसर से वंचित न रह जाए.
यह पहल उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो जेईई के जरिए इंजीनियरिंग या नीट के माध्यम से मेडिकल की पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन निजी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकते.
UP में 25 फरवरी के बाद होंगे विधानसभा चुनाव? इस वजह से लग रहे कयास!
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
JDST-2027 के लिए पात्र विद्यार्थी दक्षणा फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट https://apply.scholarship.dakshana.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को अपनी शैक्षिक योग्यता, श्रेणी और पारिवारिक आय से संबंधित पात्रता की जानकारी ध्यान से देख लेनी चाहिए.















