बिहार में MLC चुनाव को लेकर महागठबंधन के अंदर सीटों पर तालमेल का मामला उलझता जा रहा है. 8 सीटों पर होने वाले चुनाव में अब तक 15 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें 6 सीटें ऐसी हैं, जहां विपक्षी गठबंधन से जुड़े दलों के उम्मीदवार आमने-सामने हैं. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन सीट पर आरजेडी के नए उम्मीदवार उतारने के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.
आरजेडी ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन सीट से कुंवर राय को उम्मीदवार बनाया है. लालू प्रसाद यादव ने देर रात उन्हें पार्टी की ओर से सहमति पत्र सौंपा. वहीं, इस सीट पर कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा भी उम्मीदवार हैं.
अतीक अहमद गैंग का शूटर अरमान बिहार में मिला, 5 लाख का था इनाम
सीपीएम पहले ही रामदेव राय को इस सीट से प्रत्याशी घोषित कर चुकी है. ऐसे में दरभंगा शिक्षक सीट पर महागठबंधन से जुड़े आरजेडी, कांग्रेस और सीपीएम के उम्मीदवार मैदान में हैं.
बाकी सीटों पर भी आमने-सामने उम्मीदवार
सारण शिक्षक सीट पर आरजेडी ने प्रो. जयराम यादव को टिकट दिया है, जबकि सीपीआई की ओर से विद्यासागर विद्यार्थी उम्मीदवार हैं. पटना स्नातक सीट पर आरजेडी ने दिलीप कुमार को उतारा है और कांग्रेस ने डॉ. असादुल्लाह खान को टिकट दिया है.
पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार सिंह और कांग्रेस के संजय कुमार यादव मैदान में हैं. वहीं कोसी स्नातक सीट पर आरजेडी ने नितेश कुमार और कांग्रेस ने मनोज जायसवाल को प्रत्याशी बनाया है.
दरभंगा स्नातक सीट पर भी दोनों दलों के उम्मीदवार आमने-सामने हैं. यहां आरजेडी ने अनिल कुमार झा को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस ने रजनीकांत पाठक को उम्मीदवार बनाया है.
नीरज के खिलाफ गए अनंत सिंह पर BJP का बड़ा बयान, ‘उनके मन में…’
आरजेडी के 7, कांग्रेस के 5 उम्मीदवार
अब तक सामने आए उम्मीदवारों के मुताबिक आरजेडी ने 7, कांग्रेस ने 5, सीपीआई ने 2 और सीपीएम ने 1 उम्मीदवार मैदान में उतारा है. इससे साफ है कि चुनाव में महागठबंधन के घटक दल कई सीटों पर अलग-अलग उम्मीदवारों के साथ चुनाव लड़ रहे हैं. 8 सीटों पर होने वाला यह चुनाव गठबंधन के भीतर सीटों के तालमेल को लेकर भी अहम माना जा रहा है.














