बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने रविवार (27 सितंबर) को पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है. पाकिस्तान के शहजाद शेख भट्टी नेटवर्क से जुड़े गुर्गे को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है. गिरफ्तार व्यक्ति के मोबाइल से आतंकी हमले से जुड़े वीडियो, फोटो के साथ देश विरोधी रील्स मिले हैं. अब पुलिस जांच में जुटी है कि गिरफ्तार युवक के साथ अन्य कौन-कौन लोग पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े हैं.
गिरफ्तार युवक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र के बिसरहिया गांव निवासी समसुल हक के पुत्र मोहम्मद सेयाज आलम के रूप में की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना के द्वारा बिसरहिया गांव के करीब वाहन चेकिंग की जा रही थी तभी पुलिस की गस्ती देख एक युवक भागने का प्रयास किया, तब तक पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया.
गिरफ्तार युवक ने पाकिस्तानी नेटवर्क से संपर्क की बात कबूल की!
पूछताछ के साथ मोबाइल फोन बरामद किया गया. इस मोबाइल में आतंकी हमले से जुड़े वीडियो, फोटो और देश विरोधी रील्स मिले. वहीं पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने स्वीकार किया है कि पाकिस्तान शहजाद शेख भट्टी नेटवर्क से जुड़े अली गुज्जर के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में है. वही मोतीहारी पुलिस जप्त मोबाइल से मिले डिजिटल पेज और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच में जुटी है.
मोतीहारी SP ने क्या कहा?
मोतीहारी पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है. उन्होंने कहा, ”गिरफ्तार युवक का नेटवर्क पाकिस्तान से होने की बात सामने आई है. कई साक्ष्य गिरफ्तार युवक के मोबाइल से प्राप्त किए गए हैं.”
मोतीहारी पुलिस गिरफ्तार युवक का नेटवर्क पाकिस्तान और भारतीय क्षेत्र में किन-किन लोगों से है, उसकी विस्तृत जांच में जुटी है. गिरफ्तार युवक के पास से बरामद मोबाइल से मिले सबूतों के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है. मोतीहारी पुलिस की ओर से इस बारे में कई सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी दी गई है.
बांका: छेड़खानी कांड में आरोपियों की गिरफ्तारी, 50 सोशल मीडिया यूजर्स पर FIR















