महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर महाविकास अघाड़ी के सहयोगी दलों के बीच खींचतान देखने को मिल रही है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की भारतीय जनता पार्टी पर नरमी को लेकर शिवसेना (UBT) ने तंज कसा है. उद्धव ठाकरे गुट के नेता अंबादास दानवे ने सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक तस्वीर साझा कर शरद पवार की पार्टी पर निशाना साधा है.
अंबादास दानवे ने जो तस्वीर साझा की है, उसमें NCP-SP के चुनाव चिह्न ‘तुतारी बजाते व्यक्ति’ के हाथ में तुतारी की जगह भाजपा का चुनाव चिह्न कमल दिखाया गया है. इस तस्वीर के जरिए दानवे ने इशारों-इशारों में सवाल उठाया कि क्या शरद पवार की पार्टी अब भाजपा के करीब जा रही है? उनकी इस पोस्ट को महाराष्ट्र की सियासत में चल रही नई राजनीतिक चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है.
शरद गुट में बड़ा सियासी हंगामा! नाराज सांसद-विधायक एकनाथ शिंदे के संपर्क में
परिसीमन विधेयक को लेकर बढ़ी नाराजगी
दरअसल, संसद के विशेष सत्र में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर शरद पवार की पार्टी के संभावित समर्थन की खबरों ने महाविकास अघाड़ी के भीतर असहजता बढ़ा दी है. कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट इस मुद्दे पर शरद पवार की पार्टी के रुख को लेकर सवाल उठा रहे हैं. इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच दानवे ने यह व्यंग्यात्मक तस्वीर साझा की है.
अंबादास दानवे ने साफ किया कि उन्होंने किसी पार्टी का आधिकारिक चुनाव चिह्न नहीं बदला है. यह मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर एक कार्टून के जरिए की गई टिप्पणी है.
मुंबई: घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर 60 साल की महिला से रेप, आरोपी गिरफ्तार
दानवे ने चेतावनी भी दी कि अगर शरद पवार का गुट भाजपा का समर्थन करता है तो उसे महाविकास अघाड़ी का साथ और जनता का भरोसा दोनों गंवाने पड़ सकते हैं. उन्होंने उन चर्चाओं को भी अफवाह बताया, जिनमें कहा जा रहा है कि भाजपा 10 विधायकों वाली पार्टी को मुख्यमंत्री पद दे सकती है.
इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और इसका असर महाविकास अघाड़ी के आपसी रिश्तों पर भी पड़ सकता है.


















