भारतीय क्रिकेट में एक बेहद अनोखे तरह का विवाद सामने आया है. मामला एक अंडर-19 टूर्नामेंट का है, जहां एक रन को लेकर बवाल मचा हुआ है. दरअसल मंगलवार को नागपुर में झारखंड और उत्तराखंड की अंडर-19 महिला टीमों के बीच मैच खेला गया. झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) का दावा है कि स्कोर का हिसाब रखने में गड़बड़ी हुई, जिसके कारण उनकी टीम को हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा.
झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन ने BCCI में शिकायत भी दर्ज करवाई है. उत्तराखंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन बनाए थे, जबकि झारखंड की पूरी टीम 133 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई थी. ऑफिशियल स्कोरकार्ड के अनुसार झारखंड को सिर्फ एक रन के अंतर से हार मिली. इस एक रन की हार की वजह से झारखंड टूर्नामेंट से बाहर हो गया.
रन आउट, लेकिन नहीं जोड़ा एक रन
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार JCA ने अपनी शिकायत में दावा किया कि मुकाबला असल में टाई हुआ था, लेकिन ऑफिशियल स्कोरकीपर की गलती की वजह परिणाम बदल गया. शिकायत में बताया गया कि 30वें ओवर की चौथी गेंद पर उनका एक खिलाड़ी दूसरा रन भागते हुए रनआउट हो गया था. झारखंड की दलील है कि ऑफिशियल स्कोरकीपर ने यहां रन आउट तो जोड़ दिया, लेकिन बल्लेबाजों द्वारा लिया गया एक रन नहीं जोड़ा.
खिलाड़ियों ने की बहस
मैदान पर लगे स्कोरबोर्ड अनुसार झारखंड को आखिरी गेंद पर 2 रन की जरूरत थी, लेकिन उसके बल्लेबाज सिर्फ एक रन भाग सके. उन्हें लगा कि मुकाबला टाई हो गया है, लेकिन झारखंड के खेमे को हैरानी तब हुई जब उन्हें एक रन से हारा हुआ घोषित किया गया. झारखंड की टीम के कुछ सदस्यों ने ऑफिशियल स्कोरर के साथ कुछ देर बहस भी की, लेकिन मैच का परिणाम नहीं बदला.
इसी रिपोर्ट अनुसार JCA के एक अधिकारी ने कहा कि 29.4 ओवर के समय झारखंड का बल्लेबाज दूसरा रन भागने के प्रयास में अपना विकेट खोया था, लेकिन पहला रन पूरा हो चुका था. अधिकारी ने कहा कि उसी एक रन को स्कोरबोर्ड में नहीं जोड़ा गया था.
यह भी पढ़ें:
IPL 2027 से पहले CSK में बड़ा भूचाल! माइकल हसी समेत 5 कोच ने छोड़ा साथ


















