भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को झटका लगा है. रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. ये दोनों खिलाड़ी टी20 सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे, जिसमें न्यूजीलैंड 2-3 के अंतर से हार गया है. रवींद्र कंधे की चोट से जूझ रहे हैं, जबकि चैपमैन को हैमस्ट्रिंग इंजरी है.
भारत और न्यूजीलैंड की वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी. 15 नवंबर तक दोनों के बीच पांच ODI मैच खेले जाएंगे. मार्क चैप मैन को यूरोपीयन टी20 प्रीमियर लीग के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी. न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के एक स्टेटमेंट अनुसार एक हालिया एमआरआई जांच के बाद चैपमैन को पूरी तरफ फिट होने के लिए 2 हफ्ते का समय और लगेगा. दूसरी ओर रचिन रवींद्र को लेकर भी बताया गया कि उन्हें कंधे की चोट से पूरी तरह रिकवर करने के लिए अभी ज्यादा समय लगेगा.
हेड कोच को सता रहा डर
न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वॉल्टर ने निराश व्यक्त करते हुए कहा, “सभी जानते हैं कि मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र किस स्तर के खिलाड़ी हैं, उनका सीरीज से बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण है.” कोच ने यह भी बताया कि इसी महीने टेस्ट सीरीज भी होनी है, इसलिए वह इन दोनों खिलाड़ियों को लेकर कोई बड़ा रिस्क नहीं लेना चाहते हैं.
स्क्वाड में कई बदलाव हुए
पहले 3 वनडे मैचों के लिए टिम सीफर्ट को वनडे टीम में शामिल किया गया है. आखिरी 2 वनडे मैचों के लिए उनका चयन पहले ही हो गया था. इसलिए सीफर्ट अब पूरी सीरीज में खेलेंगे. वहीं बाएं हाथ के बल्लेबाज हेनरी निकल्स को पहले 3 मैच और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी 2 वनडे मैचों के लिए स्क्वाड में शामिल किए गए हैं. तेज गेंदबाज मैट फिशर पहले से आखिरी 2 मैच खेलने वाले थे. अब उन्हें पहले तीन मैचों के लिए भी न्यूजीलैंड टीम में जगह मिली है.
पहले 3 ODI मैचों के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लाथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर
आखिरी 2 ODI मैचों के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग
यह भी पढ़ें:
किसी से नहीं डरते गौतम गंभीर? न्यूजीलैंड पर सीरीज के बाद कही बड़ी बात; जानें क्या कहा















