मेरठ में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है. कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बनियापाड़ा निवासी 22 वर्षीय उजैद को गिरफ्तार किया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस को पिछले करीब 10 महीने से उसकी तलाश थी. आरोपी का नाम जम्मू-कश्मीर में दर्ज एक मुकदमे की जांच के दौरान सामने आया था.
पुलिस के मुताबिक, उजैद इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में था. जांच में चार संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी सामने आई थीं, जिनमें मेरठ से संचालित बताई गई आईडी भी शामिल है. पुलिस का दावा है कि उजैद सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी सामग्री से प्रभावित होकर कुछ संदिग्ध ग्रुपों से जुड़ा था.
पुलिस ने प्रेस नोट में किया उल्लेख
पुलिस के प्रेस नोट में ‘Al-Muzzahid’, ‘Tuition-40’ और ‘Brigade’ नाम के सोशल मीडिया ग्रुपों का भी उल्लेख किया गया है. आरोप है कि इन ग्रुपों के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और जिहादी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नवंबर 2025 में जम्मू-कश्मीर में सेना के कैंप या काफिले पर फिदायीन हमले की कथित साजिश का भी जिक्र सामने आया है.
इसमें उजैद को हथियार और विस्फोटक सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षण से जुड़ी जिम्मेदारी दिए जाने का दावा किया गया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस की सूचना पर मेरठ पुलिस ने जनवरी और फरवरी 2026 में भी आरोपी की तलाश में दबिश दी थी, लेकिन वह फरार चल रहा था. मेरठ पुलिस ने आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल, सोशल मीडिया संपर्कों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है.
गिरफ्तारी के बाद हुआ खुलासा
जम्मू पुलिस की मदद से कोतवाली क्षेत्र में दबोचे गए आतंकियों के स्लीपिंग मॉडल उजैद की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया है कि उजैद ने वर्ष 2025 में आर्मी कैंप पर हमले की प्लानिंग की थी. जिसके लिए उसे बाकायदा ट्रेनिंग भी मिली थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का निवासी उजैद पुत्र साजिद आतंकी शहजाद भट्टी और कई आतंकी ग्रुपों द्वारा सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे ग्रुपों से जुड़ा हुआ था. वर्ष 2025 में जम्मू में गिरफ्तार हुए आतंकी साजिद की गिरफ्तारी के बाद उजैद का नाम भी सामने आया. इसके बाद उजैद पिछले 10 महीने से फरार चल रहा था.
जम्मू पुलिस और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सोमवार को उजैद को कोतवाली क्षेत्र में गिरफ्तार किया. पूछताछ में उजैद ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर आतंकियों द्वारा संचालित कई कट्टरपंथी ग्रुपों से जुड़ा था. वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी वीडियो देखा था. आतंकी मौलाना मसूद अजहर, तारिक मसूद, डॉक्टर इसरार अहमद आदि के वीडियो पर कमेंट करता था.
उजैद ने किया था वीडियो पर कमेंट
ऐसे ही एक वीडियो पर उजैद ने एक बार ‘हम भी तैयार हैं’ का कमेंट किया. जिसके बाद वह साजिद के संपर्क में आया. इसके बाद उजैद को यूपी में किशोरों को आतंकवादी गतिविधियों से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई. जिसमें वह किशोरों के मोबाइलों पर आतंकी संगठनों से जुड़े वीडियो भेजता था. बाद में उन्हें डिलीट कर देता था. वर्ष 2025 में उजैद व उसके सहयोगियों द्वारा आर्मी के किसी बड़े कैंप या आर्मी के काफिले पर फियादीन हमले की योजना भी बनाई गई.
साजिद को इसकी रेकी करने का काम दिया गया था. हथियार व एक्सप्लोसिव जैकेट उजैद को उपलब्ध कराकर साजिश को अंजाम देने का काम मिला था. इसके संबंध में उजैद को गुरेजवेली में ट्रेनिंग भी दी गई थी. एसएसपी ने बताया कि उजैद से जुड़े अन्य लोगों के विषय में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
कांग्रेस से सीट शेयरिंग पर अखिलेश यादव बोले, ‘जीतनेवाली पहली 26 सीटों से…’














