महाराष्ट्र में होने वाले विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर हलचल तेज है. पुणे विभाग शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर महायुति ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.
महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक रविंद्र चव्हाण के दो दिवसीय पुणे विभागीय दौरे के दौरान भाजपा-महायुति के उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत की गई. इस दौरान संगठन को मजबूत करने, मतदाता पंजीकरण अभियान में तेजी लाने और बूथ स्तर पर चुनावी रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया.
भाजपा-महायुति की ओर से पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. स्मिता योगेश जाधव और पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कौस्तुभ गावडे को उम्मीदवार बनाया गया है. दोनों उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने की समीक्षा बैठक
रविंद्र चव्हाण ने अपने दौरे के दौरान पुणे शहर, पुणे ग्रामीण, सातारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर जिलों की भाजपा कोर कमेटियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठकें कीं. आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पदाधिकारियों को मतदाता पंजीकरण अभियान तेज करने, बूथ स्तर पर सूक्ष्म नियोजन करने और चुनाव प्रचार को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए.
इन बैठकों में जिला स्तर पर संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने और सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने पर जोर दिया गया.
पुरानी पेंशन की मांग के बीच महायुति उम्मीदवारों को समर्थन
महाराष्ट्र राज्य पुरानी पेंशन समन्वय संघ के पदाधिकारियों ने भी रविंद्र चव्हाण से मुलाकात की. इस दौरान संघ ने शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना जारी रखने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा. बैठक के दौरान संघ ने पुणे विभाग शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा-महायुति के दोनों उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा भी की.
निर्दलीय उम्मीदवार ने नामांकन वापस लेकर दिया समर्थन
चुनावी तैयारियों के बीच कोल्हापुर और सोलापुर जिलों में हुई बैठकों के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार नंदकुमार सागर ने अपना नामांकन वापस लेते हुए भाजपा-महायुति को समर्थन देने की घोषणा की. वहीं, पुणे में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान रविंद्र चव्हाण ने शरद लाड को महाराष्ट्र भाजपा का प्रदेश सचिव नियुक्त किए जाने का पत्र सौंपा.
युवाओं को शिक्षा, करियर और स्टार्टअप के अवसर देने पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा-महायुति सरकार युवाओं को शिक्षा, करियर और स्टार्टअप के माध्यम से प्रगति के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा, ”इस दिशा में काम को और गति देने के लिए उच्च शिक्षित और शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करने वाले उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा गया है.” चव्हाण ने महायुति के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में पूरी ताकत के साथ उम्मीदवारों के प्रचार में जुटने की अपील की.
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
इस दो दिवसीय दौरे के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, मंत्री चंद्रकांत पाटील, मंत्री जयकुमार गोरे, मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले, राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, भाजपा प्रदेश महासचिव एवं विधायक निरंजन डावखरे, प्रदेश महासचिव राजेश पांडे सहित कई सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
भाजपा-महायुति ने इस दौरे के जरिए पुणे विभाग में चुनावी तैयारियों को गति देने, संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने और बूथ स्तर पर प्रचार तंत्र को प्रभावी बनाने पर जोर दिया. पार्टी नेताओं ने एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने का संकल्प दोहराया.
मुंबई में CJP के समर्थन में मार्च, आदित्य ठाकरे बोले- ‘ये लड़ाई ज्ञानेश कुमार के…’














