दिल्ली में यमुना नदी की बदहाल स्थिति और प्रदूषण को लेकर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा है. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने यमुना में ‘नमो यमुना नदी सफारी’ के तहत क्रूज और फरारी सेवा का ट्रायल रन शुरू किए जाने को गलत समय पर उठाया गया खतरनाक कदम बताया है. उनका कहना है कि नदी के जहरीले पानी की सफाई और सीवेज ट्रीटमेंट की व्यवस्था सुधारने के बजाय सरकार पर्यटन परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है.
देवेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल किया कि यमुना में क्रूज और फरारी सेवा शुरू करने से पहले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण और नालों से आने वाले गंदे पानी के शोधन पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि कई नालों का अनुपचारित सीवेज सीधे नदी में गिर रहा है. इसके चलते यमुना की हालत एक विषैले नाले जैसी हो गई है.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि ऐसी परिस्थितियों में क्रूज और फरारी सेवा का नियमित संचालन यात्रियों की सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है. दूषित पानी के बीच नौका विहार को पर्यटन के नाम पर बढ़ावा देना लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जोखिम में डालने जैसा है.
प्रदूषण के बीच पर्यटन परियोजना पर सवाल
देवेन्द्र यादव ने दिल्ली की बिगड़ती वायु गुणवत्ता का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद राजधानी की हवा गंभीर से अत्यंत खराब श्रेणी में पहुंच गई. उनके मुताबिक, बीते पांच वर्षों में यह दिल्ली की सबसे प्रदूषित दिवाली रही, जिसका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ा है. उन्होंने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि दिवाली के बाद दिल्ली का आधिकारिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 की श्रेणी में पहुंच गया था.
‘दिल्ली प्रदूषण के लिए पटाखों को विलेन बनाना बंद करें’, व्यापारी संघ ने जताई नाराजगी
यादव ने सवाल किया कि जब शहर के लोग जहरीली हवा और दूषित पानी की दोहरी मार झेल रहे हैं, तब कितने लोग अपनी सेहत दांव पर लगाकर यमुना में नौका विहार करना चाहेंगे? उनका आरोप है कि रेखा गुप्ता सरकार प्रदूषण से निपटने के बजाय यमुना फरारी सफारी जैसी दिखावटी परियोजनाओं पर ध्यान दे रही है. इससे दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े होते हैं.
सड़कों की बदहाली और प्रदूषण नियंत्रण पर भी घेरा
कांग्रेस नेता ने वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए लागू किए जाने वाले प्रतिबंधों से पहले सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि दिल्ली की टूटी और गड्ढों से भरी सड़कों की मरम्मत में देरी और लापरवाही बरती गई. इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ा. अब प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बावजूद सरकार का क्रूज और फरारी सेवा का ट्रायल करना उसकी प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करता है.
500 रुपये में 40 मिनट की सवारी, लेकिन यमुना की हालत पर चिंता
देवेन्द्र यादव ने प्रस्तावित क्रूज सेवा की लागत और उसकी व्यवहारिकता पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सोनिया विहार से जगतपुर के बीच 40 मिनट की यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये खर्च करने होंगे. यह सौर-विद्युत हाइब्रिड क्रूज है, लेकिन सवाल यह है कि दूषित पानी के बीच इस महंगी यात्रा का आनंद लोग किस तरह ले पाएंगे.
उन्होंने यमुना के किनारों पर उथले पानी और जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव का मुद्दा भी उठाया. यादव के अनुसार, विशेषज्ञ भी इस बात पर सवाल कर रहे हैं कि ऐसी परिस्थितियों में क्रूज सेवा कितनी विश्वसनीय और सुचारू ढंग से संचालित हो सकेगी. उन्होंने पूछा कि क्या अधिकारियों ने इन व्यावहारिक चुनौतियों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर गंभीरता से विचार किया है?
नदी की सफाई से पहले व्यावसायिक पर्यटन क्यों?
देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस लगातार यमुना की पर्यावरणीय स्थिति और उसकी बुनियादी पारिस्थितिक समस्याओं को सामने उठाती रही है. पर्यावरण विशेषज्ञ भी नदी की सफाई और उससे जुड़ी पारिस्थितिक खामियों पर चिंता जता चुके हैं. उनका कहना है कि यमुना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने से पहले उसकी सफाई और पर्यावरणीय गुणवत्ता सुधारना जरूरी है.
लाल किला विस्फोट मामले में 300 संदिग्ध गिरफ्तार, 73 भगोड़े भारत लाए गए


















