एशियन गेम्स 2026 में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर है. दोनों टीमें टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं और अब एक-दूसरे से भिड़ने की संभावना भी बन गई है. लेकिन, भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला सीधे सेमीफाइनल में नहीं होगा. दोनों टीमों के नतीजे तय करेंगे कि ये हाई-वोल्टेज मुकाबला फाइनल में देखने को मिलेगा या फिर ब्रॉन्ज मेडल के लिए दोनों आमने-सामने होंगी.
पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत का क्वार्टर फाइनल अफगानिस्तान और पाकिस्तान का क्वार्टर फाइनल हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ होना था. लेकिन बारिश और खराब मैदान के वजह से दोनों मुकाबले रद्द हो गए. बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत और पाकिस्तान दोनों को सेमीफाइनल में जगह मिली.
सेमीफाइनल में अलग-अलग टीमें
अब भारत का सामना सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा, जबकि पाकिस्तान के सामने बांग्लादेश की चुनौती होगी. दोनों सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को खेले जाएंगे. ऐसे में भारत और पाकिस्तान की टीमें सेमीफाइनल में एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलेंगी.
फाइनल में कैसे होगा मुकाबला?
भारत-पाकिस्तान का फाइनल तभी हो सकता है, जब दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीत जाएं. यानी अगर भारत श्रीलंका को और पाकिस्तान बांग्लादेश को हरा देता है, तो दोनों टीमें गोल्ड मेडल के लिए फाइनल में आमने-सामने होंगी.
ब्रॉन्ज मेडल मैच में भी भिड़ सकते हैं
अगर भारत और पाकिस्तान दोनों अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले हार जाते हैं, तो दोनों टीमें ब्रॉन्ज मेडल के लिए आमने-सामने आ सकती हैं. यानी भारत-पाकिस्तान मैच के दो रास्ते हैं. दोनों सेमीफाइनल जीतते हैं तो फाइनल और दोनों हारते हैं तो ब्रॉन्ज मेडल मैच.
वहीं, अगर एक टीम सेमीफाइनल जीतती है और दूसरी हार जाती है, तो भारत-पाकिस्तान का मुकाबला नहीं होगा. ऐसे में एक टीम फाइनल और दूसरी ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेगी.
यह भी पढ़ें: 2027 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए इस दिन होगा शेड्यूल का एलान, नोट कर लें तारीख

















