आगरा खंड शिक्षक चुनाव मतगणना के तीसरे राउंड में जबरदस्त हंगामा हो गया. मतगणना स्थल के बाहर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के समर्थक आपस में भिड़ गए है. दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने बीजेपी समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया. वहीं बीजेपी प्रत्याशी हरिशंकर तिवारी मतगणना स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए. अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए हैं.
आगरा में मंडी समिति में मतगणना हो रही है. देर रात को यहां सपा और बीजेपी समर्थक आपस में भिड़ गए और एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है. सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल और उनके समर्थकों ने भाजपा के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया. इस दौरान वो फटे हुए कुर्ते के साथ आए और आरोप लगाया कि उनके साथ बीजेपी समर्थकों ने मारपीट की.
बीजेपी उम्मीदवार भी फटे कुर्ते से साथ आए बाहर
दूसरी तरफ भाजपा खंड शिक्षक प्रत्याशी हरिशंकर तिवारी ने भी सपा नेताओं पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. हरिशंकर तिवारी भी फटे कुर्ते के साथ दिखे. उन्होंने अपनी छाती पर मारपीट के निशान मीडिया को दिखाए और सपा समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए. बीजेपी उम्मीदवार ने कहा कि सपा ने गुंडों को अपने एजेंट बनाया है. जब तक इन लोगों को हटाया नहीं जाएगा वो मतगणना में शामिल नहीं होंगे.
अब भाजपा ख़ुद ही बताए कि आगरा से जीतते हुए सपा के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल जी के साथ उसके लोगों द्वारा किया गया यह व्यवहार कितना जायज़ है। प्रशासन डॉ. आकाश अग्रवाल जी को जीत का प्रमाणपत्र तुरंत दे। चुनाव आयोग सोते से जागे और प्रशासन भी। माननीय सर्वोच्च न्यायालय और महामहिम राष्ट्रपति महोदया भी तत्काल संज्ञान लें। अब तो हम खुलकर कहेंगे कि ‘PDA’ में ‘A’ का मतलब अब तो ‘अग्रवाल’ भी है। आज जब समस्त अग्रवाल समाज जीत के समाचार के लिए जाग रहा है, ऐसे में डॉ. आकाश अग्रवाल जी के साथ हुए ऐसे अमानवीय व्यवहार और हिंसा के ऐसे वीडियो को देखकर संपूर्ण समाज बेहद आक्रोशित हो उठा है। अब तो अग्रवाल समाज भी समझ गया है कि सच में ‘भाजपा किसी की सगी नहीं है!’
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 27, 2026
बीजेपी प्रत्याशी हरिशंकर तिवारी और भाजपा के लोग मतगणना छोड़ मतगणना स्थल के बाहर ही धरने पर बैठ गए. हंगामे के बाद आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार भी मौके पर पहुंच गए और पूरे हालात को संभालने की कोशिश की. भाजपा और सपा के समर्थकों में भिड़ंत के चलते भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है. मंडी समिति के मुख्य गेट पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई. मुख्य गेट को बंद कर दिया गया है.
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के साथ मारपीट को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि आगरा से जीतते हुए सपा प्रत्याशी के साथ बीजेपी के लोगों ने जो व्यवहार किया वो कितना जायज है. उन्होंने प्रशासन, सुप्रीम कोर्ट और महामहिम राष्ट्रपति से भी घटना का संज्ञान लेने की माँग की. अखिलेश यादव ने कहा कि आकाश अग्रवाल को तुरंत जीत का प्रमाण पत्र देना चाहिए.
यूपी MLC चुनाव मतगणना जारी, मेरठ और बरेली में BJP जीती, वाराणसी में सपा का परचम














