यूपी में आगामी चुनाव को लेकर जुबानी हमले लगातार जारी हैं. AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पिछले महीने कहा था कि अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, वो अपना हक लेगा, लीडरशिप तय करेगा और नेता बनेगा. अब इस पर समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि लानत हो हर उस इंसान पर जो अब्दुल से दरी उठवाने की बात कह रहा है क्योंकि अब्दुल ‘अल्लाह’ का नाम है. मैं मुशरिक हो जाऊंगा अगर मैं अब्दुल की तौहीन कर रहा हूं.
वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम के साथ इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा, ”अब्दुल करीम, अब्दुल रहीम, अब्दुल रजाक अल्लाह से तौबा करें. अल्हाह से माफी मांगें. अगर हमारी पहचान करानी थी तो मुन्ना भाई से करा देते. मुन्ना भाई से भी हम पहचान लिए जाते, उनसे दरी उठवा देते. अब्दुल से, अल्लाह से हम दरी बिछवाएंगे? महज चंद वोटों के लिए, किसी को खुश करने के लिए हमारे दीन को इतना रुसवा करेंगे. अपने गुनाहों की माफी मांगे और ताजा कलमा पढ़ें.”
ओवैसी और चंद्रशेखर के साथ गठबंधन पर क्या बोले आजम ?
असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने और यूपी की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं. इस सवाल पर आजम खान ने तंज कसते हुए कहा, ”मैं तो उनके हौसले की दाद देता हूं और कदर करता हूं कि जिसके खुद चार एमएलए हों वो 400 पर चुनाव लड़ने आ रहे हैं. मैं तो समझता हूं कि वो फौलाद से बने हुए हैं, शेर हैं. जिसके चार एमएलए हो वो 400 का दावेदार हो, ये कोई मामूली बात नहीं है.
लोग अपनी हदों में रहें- आजम खान
उन्होंने आगे कहा, ”दोनों साहिबान से मेरी गुजारिश है कि अक्ल से काम लें. वो हमपर भी तरस खाएं, रहम करें. और खुद पर भी रहम करें. मैं आपसे कह रहा हूं कि बात निकलेगी तो बहुत दूर तक जाएगी. तो बेहतर है कि लोग अपनी हदों में रहें. और हमारी तकदीरों से न खेलें.” उन्होंने ये भी कहा, ”उनका मिशन सबको मालूम हो गया है. संभल नहीं गए जहां से उनका चेयरमैन जीता है. हम तो चाहते हैं कि न सिर्फ उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री आपका बने, हिन्दुस्तान का प्रधानमंत्री भी आपका बने. लेकिन उससे पहले अपनी चार सीटों को पांच तो कर लीजिए.”
‘कमल मुरझा गया है…’, BJP के राधे-राधे वाले स्लोगन पर बोले अखिलेश यादव
















