उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में कल 20 नवंबर को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद अयोध्या में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. जनसभा का आयोजन सोहावल क्षेत्र के पंडितपुर में बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किया जाएगा.
इस जनसभा के जरिए बसपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी ताकत दिखाने और चुनावी हुंकार भरने की तैयारी में है. इस दौरान जितेंद्र बबलू को टिकट दिए जाने के संकेत दिखाई दे रहे हैं. बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद लगातार रैलियां और जनसभाएं कर चुनावी बिगुल फूंक रहे हैं. इस दौरान वे प्रत्याशियों के नामों का भी ऐलान कर रहे हैं.
जितेंद्र बबलू करेंगे आकाश आनंद का स्वागत
जानकारी के अनुसार, आकाश आनंद सुबह 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे. एयरपोर्ट पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू उनका स्वागत करेंगे. जनसभा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.
इस दौरान विश्वनाथ पाल और पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा प्रदेश में सरकार बनाएगी. बीकापुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को बसपा प्रत्याशी घोषित किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है.
बीजेपी के अयोध्या के बाद मथुरा वाले बयान पर प्रदेश अध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया
वहीं, भाजपा द्वारा अयोध्या के बाद मथुरा को मुद्दा बनाए जाने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि भाजपा धर्म की राजनीति करती है, जबकि बसपा मुद्दों की राजनीति करती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी, बल्कि जनता के साथ गठबंधन करके चुनाव मैदान में उतरेगी. जनसभा के बाद अयोध्या की चारों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने के भी संकेत मिले हैं.
‘दाढ़ी रख लेने से हर कोई मौलाना नहीं बन जाता’, ओवैसी पर आजम खान का निशाना














