फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ इस साल की बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है. फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी लीड रोल में नजर आएगी. दोनों पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आने वाले हैं.
आज फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने वाला है. इससे पहले फिल्म के रनटाइम और सेंसर सर्टिफिकेट से जुड़ी जानकारी सामने आ गई है.
‘ये प्रेम मोल लिया’ को मिला U/A 13+ सर्टिफिकेट
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को U/A 13+ सर्टिफिकेट दिया है. आमतौर पर सूरज बड़जात्या की फिल्मों को U सर्टिफिकेट मिलता है. ऐसे में ये उनकी दूसरी फिल्म है, जिसे U/A सर्टिफिकेट मिला है.
इससे पहले ऋतिक रोशन, करीना कपूर खान और अभिषेक बच्चन स्टारर ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’ को भी U/A सर्टिफिकेट दिया गया था.
कितना होगा ‘ये प्रेम मोल लिया’ का रनटाइम?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का रनटाइम 2 घंटे 53 मिनट है. इस रनटाइम के साथ ये डायरेक्टर की तीसरी सबसे लंबी फिल्म बन जाएगी. इससे पहले उनकी सबसे लंबी फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ थी, जिसका रनटाइम 3 घंटे 13 मिनट है. वहीं, ‘मैंने प्यार किया’ 3 घंटे 4 मिनट लंबी थी.
27 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. शरवरी और आयुष्मान के अलावा फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे.

‘गनमास्टर G9’ से होगा ‘ये प्रेम मोल लिया’ का क्लैश
बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की फिल्म ‘गनमास्टर G9’ से होगा. दोनों फिल्में एक ही दिन रिलीज होंगी, ऐसे में दर्शकों के बीच किस फिल्म को ज्यादा पसंद किया जाता है, ये देखना दिलचस्प होगा.
बता दें इससे पहले आयुष्मान खुराना फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे. इस फिल्म में उनके साथ सारा अली खान लीड रोल में थी. वहीं, शरवरी को आखिरी बार फिल्म में ‘मैं वापस आऊंगा’ देखा गया था, जो साल 2026 में थिएटर्स में रिलीज हुई थी.
















