• Home
  • ताजा खबरें
  • Exclusive: दिल्ली में दमघोंटू हवा ने बढ़ाई मास्क और दवाओं की मांग, N95-N99 की बिक्री में 4 गुना उछाल
Image

Exclusive: दिल्ली में दमघोंटू हवा ने बढ़ाई मास्क और दवाओं की मांग, N95-N99 की बिक्री में 4 गुना उछाल


दिल्ली की हवा में घुलता प्रदूषण अब लोगों की जेब पर भी असर डालने लगा है. दमघोंटू हवा से बचने के लिए कोई N95 मास्क खरीद रहा है तो कोई सांस से जुड़ी दवाओं के लिए केमिस्ट की दुकानों पर पहुंच रहा है. दिवाली के बाद दिल्ली में N95 और N99 मास्क की मांग चार गुना तक बढ़ गई है. 

वहीं, सांस से जुड़ी दवाओं की बिक्री में भी करीब 2.5 गुना उछाल आया है. नेबुलाइजर, अस्थमा और ब्रोंकाइटिस की दवाओं से लेकर खांसी और एंटी-एलर्जिक दवाओं तक की मांग बढ़ी है. रिटेल डिस्ट्रीब्यूशन केमिस्ट एलायंस से जुड़े पदाधिकारियों और दिल्ली के केमिस्टों ने ABP News को यह जानकारी दी है.

केमिस्ट एलायंस के वाइस प्रेसिडेंट ने क्या बताया?

रिटेल डिस्ट्रीब्यूशन केमिस्ट एलायंस के वाइस प्रेसिडेंट रमन गोंबर ने ABP News को बताया कि दिवाली के बाद N95 और N99 मास्क की मांग में चार गुना इजाफा हुआ है. उनका कहना है कि दिवाली के बाद हर साल मास्क की मांग बढ़ती है, लेकिन इस बार उन्हें उम्मीद थी कि मांग में इससे भी ज्यादा उछाल देखने को मिलेगा. इसके बावजूद अब तक मांग चार गुना बढ़ चुकी है.

एलायंस के मीडिया स्पोक्सपर्सन यशस्वी अग्रवाल ने बताया कि इस बढ़ोतरी का आकलन करने के लिए रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स से डेटा जुटाया गया है. इसी डेटा के आधार पर मांग में चार गुना बढ़ोतरी का आंकड़ा सामने आया है.

उनके मुताबिक, कुछ इलाकों में केमिस्ट की दुकानों पर आने वाले हर चार ग्राहकों में से एक ग्राहक मास्क खरीदने पहुंच रहा है. हालांकि, यह संख्या इलाके और दुकान पर आने वाले ग्राहकों की संख्या यानी फुटफॉल के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है.

यशस्वी अग्रवाल के मुताबिक, मास्क की मांग में तेजी दिवाली की रात पटाखे जलने के बाद ही शुरू हो गई थी. अगली सुबह से दुकानों पर मास्क खरीदने वालों की संख्या बढ़ने लगी. रमन गोंबर ने भी बताया कि अब लोग सामान्य मास्क के बजाय खास तौर पर N95 मास्क मांग रहे हैं. इसकी वजह लोगों में बढ़ती जागरूकता है.

N95 और N99 मास्क में क्या अंतर?

मास्क की मांग बढ़ने के साथ लोगों के सामने यह सवाल भी है कि N95 और N99 में से कौन सा मास्क बेहतर है और दोनों की कीमत कितनी है. यशस्वी अग्रवाल के मुताबिक, N99 मास्क की फिल्ट्रेशन क्षमता N95 के मुकाबले अधिक होती है. कीमत की बात करें तो N95 मास्क करीब 50 से 100 रुपये के बीच मिल रहा है, जबकि N99 मास्क की कीमत करीब 200 रुपये से शुरू होती है.

यशस्वी ने बताया कि N99 के कुछ मॉडल री-यूजेबल होते हैं. इनमें फिल्टर निकालकर बदला जा सकता है और कुछ मॉडल को दिए गए निर्देशों के मुताबिक साफ करके दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि, हर N99 मास्क को धोकर दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.

N95 मास्क कितने दिन इस्तेमाल करें? RDCA ने दी सलाह

RDCA के वाइस प्रेसिडेंट रामन गोंबर ने लोगों को सलाह दी है कि N95 या N99 मास्क खरीदते समय अच्छे और भरोसेमंद ब्रांड का चुनाव करें और इसे किसी विश्वसनीय दुकान से ही खरीदें. उन्होंने बताया कि N95 मास्क को लंबे समय तक इस्तेमाल करने से उसकी फिल्ट्रेशन क्षमता प्रभावित हो सकती है. 

इस्तेमाल के दौरान फिल्टर पर प्रदूषण के कण जमा होते हैं और समय पर मास्क नहीं बदलने पर उसका मकसद पूरा नहीं हो पाता.रमन गोंबर के मुताबिक, N95 मास्क की इस्तेमाल अवधि करीब 2 से 3 दिन यानी 72 घंटे तक हो सकती है. हालांकि, यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि मास्क का इस्तेमाल किस माहौल में किया जा रहा है. 

उन्होंने बताया कि ऑफिस जैसे इनडोर माहौल में मास्क ज्यादा समय तक चल सकता है, लेकिन फील्ड में काम करने वाले, ट्रैफिक के बीच रहने वाले या बाइक चलाने वाले लोगों का मास्क जल्दी खराब हो सकता है. ऐसे में मास्क की स्थिति और उसके पैकेट पर दिए गए निर्देशों के मुताबिक उसे बदलना जरूरी है.

बुजुर्गों और बच्चों को प्रदूषण से ज्यादा खतरा

यशस्वी अग्रवाल ने कहा कि प्रदूषण का असर हर उम्र के व्यक्ति पर पड़ता है, लेकिन बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा परेशानी हो सकती है. उन्होंने साफ किया कि युवा भी प्रदूषण से प्रभावित होते हैं, लेकिन बुजुर्गों और छोटे बच्चों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है. उनके मुताबिक, नवजात बच्चों को प्रदूषण के इस दौर में घर से बाहर ले जाने से बचना चाहिए.

उन्होंने लोगों को जितना संभव हो घर के अंदर रहने और प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी. उन्होंने गरारे और भाप लेने का भी सुझाव दिया. सांस लेने में परेशानी या दूसरी तकलीफ होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

मास्क ही नहीं, सांस की दवाओं की बिक्री भी 2.5 गुना बढ़ी

दिल्ली में प्रदूषण का असर सिर्फ मास्क की मांग तक सीमित नहीं है. रिटेल डिस्ट्रीब्यूशन केमिस्ट एलायंस के मुताबिक, सांस से जुड़ी दवाओं की बिक्री में भी करीब 2.5 गुना बढ़ोतरी हुई है. इनमें अस्थमा और ब्रोंकाइटिस के मरीजों की दवाओं के साथ नेबुलाइजर की मांग भी बढ़ी है. इसके अलावा खांसी की दवाओं और एंटी-एलर्जिक दवाओं की बिक्री में भी इजाफा हुआ है.

मालवीय नगर में केमिस्ट की दुकान चलाने वाले कुलदीप सिंह ने ABP News को बताया कि इस मौसम में प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर लोगों के रेस्पिरेट्री सिस्टम यानी सांस लेने की प्रक्रिया पर पड़ता है. इसी वजह से सांस से जुड़ी दवाओं की बिक्री बढ़ जाती है. उनके मुताबिक, कफ सिरप और डॉक्टरों की सलाह पर दी जाने वाली दूसरी दवाओं की मांग भी बढ़ी है.

क्या बढ़ती मांग के बीच मास्क और दवाओं के भी बढ़ेंगे दाम?

मास्क और दवाओं की मांग में तेजी के बीच कीमतों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. क्या बढ़ती मांग का असर इनकी कीमतों पर पड़ेगा? इस पर रिटेल डिस्ट्रीब्यूशन केमिस्ट एलायंस का कहना है कि मांग बढ़ने के बावजूद कीमतों में इजाफा नहीं होगा. एलायंस के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि दवाओं और संबंधित उत्पादों की कीमतों पर नियंत्रण होने की वजह से इनके दाम नहीं बढ़ेंगे.

दिल्ली: सीवर में गिरकर 4 साल के मासूम की मौत, टुकड़ों में मिला शव



Source link

Related Posts

सरायकेला में मंत्री- विधायक से बच्चों ने जताई नाराजगी, स्कूल की बिल्डिंग को लेकर धरना

झारखंड के सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल से गुजरने वाले एनएच-32 पर बहुप्रतीक्षित जामडीह रेलवे ओवरब्रिज शनिवार (14…

ByByPUJA KUMARI Nov 14, 2026

कोटा: हेड कांस्टेबल का साहस, नदी में कूदकर बचाई युवक की जान

वर्दी सिर्फ कानून की हिफाजत का नाम नहीं, बल्कि इंसानियत और हौसले की भी पहचान है. कोटा में…

ByByPUJA KUMARI Nov 14, 2026

गजब! बागपत में 80 साल के बलजोर करवाएंगे खुद की तेरहवीं, 900 लोगों को दावत

आमतौर पर किसी इंसान की मौत के बाद उसकी तेरहवीं होती है, रिश्तेदार और परिचित इकट्ठा होते हैं,…

ByByPUJA KUMARI Nov 14, 2026

राजस्थानः अशोक गहलोत ने ‘बजट फाइल्स’ का पहला एपिसोड किया रिलीज, BJP ने किया पलटवार

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के नेता अशोक गहलोत प्रदेश की भजन लाल शर्मा सरकार पर…

ByByPUJA KUMARI Nov 14, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top