छठ महापर्व के बीच दिल्ली में यमुना नदी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी घमासान शुरू हो गया है. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर वासुदेव घाट पर ‘नकली यमुना’ बनाने का आरोप लगाया है. पार्टी का दावा है कि घाट पर पानी पहुंचाने के लिए जमीन के नीचे पीने के पानी की पाइपलाइन बिछाई गई है. वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए आम आदमी पार्टी पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है.
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया. इसके साथ उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, “नकली यमुना फिर से. इस साल भी भाजपा सरकार ने वासुदेव घाट पर ‘नकली यमुना’ को पानी देने के लिए जमीन के नीचे पीने का पानी की पाइपलाइन लगाई है.”
दिल्ली में छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन मार्गों पर जानें से बचें
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पिछले साल भी भाजपा सरकार ने यमुना साफ होने का झूठा दावा करने के लिए ‘नकली यमुना’ बनाई थी. उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी ने इस मामले को उजागर किया, तो यह पूरे देश के लिए शर्मिंदगी का विषय बन गया था.
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार ने यमुना को साफ कर दिया है, तो फिर घाट पर पानी पहुंचाने के लिए जमीन के नीचे छिपी पाइपलाइन की जरूरत क्यों पड़ रही है?
Nakli Yamuna Again This year again, BJP Govt has installed an underground drinking water pipeline to feed “Nakli Yamuna” at Vasudev Ghat. Last year, BJP’s Delhi Govt created a “Nakli Yamuna” to push a false narrative that they have cleaned Yamuna. When we exposed them, it became a National Embarrassment. This year too, Govt was falsely claiming that they have cleaned Yamuna. Then why do they need to use drinking water that too through a pipe which has been found hidden underground.
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) November 13, 2026
AAP ने भाजपा पर लगाया दिखावे की राजनीति का आरोप
आम आदमी पार्टी ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से वीडियो शेयर करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा. पार्टी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “भाजपा सरकार झूठ और दिखावे की राजनीति में इस हद तक उतर आएगी, शायद ही किसी ने सोचा होगा. पिछले साल छठ महापर्व पर यमुना साफ होने का झूठा दावा करने के लिए नकली घाट बनाया गया था. जब भाजपा की पोल खुली तो पूरे देश के सामने शर्मिंदगी उठानी पड़ी. लेकिन इस साल भी सबक लेने के बजाय वासुदेव घाट पर फिर वही खेल दोहराया जा रहा है.”
पार्टी ने आगे लिखा, “इस बार घाट में पानी पहुंचाने के लिए जमीन के नीचे पीने के पानी की पाइपलाइन बिछाई गई है. जब यमुना साफ है, तो फिर जमीन के नीचे पाइपलाइन बिछाने की जरूरत क्यों पड़ी?”
भाजपा ने AAP पर लगाया अफवाह फैलाने का आरोप
वहीं, आम आदमी पार्टी के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है. दिल्ली भाजपा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया और केजरीवाल पर निशाना साधा. भाजपा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “केजरीवाल जी और कितना नीचे गिरोगे? 2 साल के अंदर ही आधे से अधिक यमुना साफ क्या हुई आपिए बौखला कर देखिए क्या अफवाह फैला रहे हैं.”
केजरीवाल जी और कितना नीचे गिरोगे? 2 साल के अंदर ही आधे से ज़्यादा यमुना जी साफ़ क्या हुई आपिए बौखला कर देखिए क्या अफवाह फैला रहे हैं…🤦♂️ https://t.co/Y6WIAYpJuD
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) November 13, 2026
दिल्ली से नोएडा तक प्रदूषण का कहर, AQI 500 के करीब; एक्सपर्ट क्या बोले?
छठ महापर्व के दौरान यमुना की सफाई और घाटों पर पानी की व्यवस्था को लेकर दिल्ली की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है. आम आदमी पार्टी जहां भाजपा सरकार के दावों पर सवाल उठा रही है, वहीं भाजपा इन आरोपों को अफवाह बता रही है. दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.

















