दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान ASI को गोली लगने की घटना में बड़ा मोड़ आ गया है. शुरुआती खबरों में इसे अपराधियों का दुस्साहस और पुलिस पर हमला बताया जा रहा था, लेकिन एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और खुलासे के मुताबिक यह पूरी कहानी झूठी निकली.
जांच में यह बात सामने आई कि ASI रणधीर कुमार को किसी अज्ञात अपराधी ने नहीं, बल्कि गश्ती के दौरान सरकारी के अलावा एक अवैध पिस्तौल रखने और इस्तेमाल करने के क्रम में अचानक चली गोली से लगी थी. इस बात को छुपाने के लिए अज्ञात पर हमले की झूठी कहानी गढ़ी गई थी.
नवादाः साइबर अपराधियों को छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला, चार आरोपी पहुंचे जेल
क्या था पूरा मामला
दरअसल, ASI रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ दरभंगा के उजान गांव के पास गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान एक बगीचे के पास से अचानक गोली चली, जो उनके बाएं पैर में जा लगी. गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़े. पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही SSP जगन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी समेत पुलिस के कई वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की छानबीन शुरू की. उस वक्त SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी को ASI द्वारा दिये बयान के मुताबिक बताया गया, पुलिस टीम गश्ती कर रही थी. इसी दौरान बगीचे की तरफ से किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली चलाई, जिससे ASI रणधीर कुमार घायल हो गए.
ASI निलंबित, केस दर्ज
इस मामले में ASI द्वारा अवैध पिस्टल रखने तथा गलत बताने की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है. ASI को निलंबित कर दिया गया है, उनके खिलाफ अवैध हथियार रखने और साक्ष्य छुपाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया की जा रही है.
घटना के दिन पूछताछ में सच छुपाने के आरोप में चालक सिपाही नीलेश कुमार और महिला सिपाही मधु कुमारी को भी निलंबित कर दिया गया है. गश्ती में शामिल गृहरक्षक लक्ष्मण पासवान और चंदन कुमारी पर अनुशासनिक कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को अनुशंसा भेजी गई है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई कर रही है.
पटना: सम्राट चौधरी के सामने आए प्रशांत किशोर, हाथ मिलाया तो बदल गया अंदाज


















