पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को आंख में समस्या के चलते इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. बुधवार (11 नवंबर) को ये जानकारी दी गई है. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के फाउंडर 74 वर्षीय इमरान साल 2023 से जेल में बंद हैं.
खान के खिलाफ भ्रष्टाचार एवं हिंसा भड़काने से जुड़े आरोपों समेत 100 से अधिक मामले दर्ज हैं. वह रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं. खान ने इस साल जनवरी में दाईं आंख से दिखाई देने में परेशानी की शिकायत की थी, जिसके बाद से उनका इलाज किया जा रहा है.
पीआईएमएस ले जाया गया
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, समाचार पत्र ‘डॉन’ ने अस्पताल के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि पीटीआई नेता को आंखों की जांच और आगे के इलाज के लिए पाकिस्तान आयुर्विज्ञान संस्थान (पीआईएमएस) लाया गया था. एक अधिकारी ने बताया कि इमरान अहमद खान नियाजी को उनका इलाज कर रहे नेत्र रोग विशेषज्ञ की सलाह पर चिकित्सकीय जांच और आंख के आगे के इलाज के लिए 10- 11 नवंबर की रात रावलपिंडी की अदियाला जेल से इस्लामाबाद स्थित (पीआईएमएस) लाया गया था.
डॉक्टर ने क्या बताया
अधिकारी ने बताया कि इलाज से पहले इमरान खान की जांच की गई. उन्होंने कहा, ‘‘जांच में सब सामान्य मिला. उनकी हालत स्थिर थी और सामान्य शारीरिक जांच में भी कोई असामान्य बात नहीं मिली. उनकी सहमति लेने, एहतियाती उपायों और चिकित्सकीय नियमों का पालन करने के बाद नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने उनकी आंख में ‘एंटी-वीईजीएफ’ दवा का इंजेक्शन लगाया.’’
पीएम पद से कब हुुए थे बेदखल
अधिकारी ने आगे कहा कि उपचार से पहले और बाद में उनकी हालत स्थिर रही. आगे की देखभाल और जांच संबंधी आवश्यक निर्देशों के साथ उन्हें देर रात करीब ढाई बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. खान की पार्टी पीटीआई और उनके परिवार ने उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में ट्रांसफर करने पर जोर दिया था, लेकिन सरकारी अधिकारी ने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज के बाद उनकी आंखों की रोशनी में सुधार हुआ है. इमरान खान 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए उन्हें सत्ता से हटा दिया गया.
ये भी पढ़ें
इजरायल में नेतन्याहू की सत्ता पर मंडराया संकट! आइजनकोट संग 4 दिग्गजों ने मिलाया हाथ














