बिहार के जमुई में नाबालिग के साथ हुई छेड़खानी की घटना को लेकर मंत्री और जमुई विधायक श्रेयसी सिंह के ‘मोरल पुलिसिंग’ वाले बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है. अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने श्रेयसी सिंह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. CJP ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- यह बेहद शर्मनाक है. साथ ही सवाल उठाया कि आखिर किस तरह की चीज को सामान्य बनाने की कोशिश की जा रही है?
वहीं आरजेडी ने श्रेयसी सिंह के बयान ‘लड़का और लड़की जमुई के ही रहने वाले हैं तो उनके साथ ऐसा व्यवहार कैसे किया जा सकता है’ को लेकर हमला बोला है. पार्टी ने पूछा कि क्या इसका मतलब यह है कि पीड़ित किसी दूसरे विधानसभा क्षेत्र, जिले या राज्य के होते तो उनके साथ छेड़खानी या यौन हिंसा को लेकर अलग रवैया अपनाया जाता? RJD ने यह भी सवाल किया कि क्या किसी व्यक्ति की स्थानीय पहचान के आधार पर उसके साथ होने वाली हिंसा को अलग-अलग नजरिए से देखा जाना चाहिए?
यह भी पढ़ें- बांका: कर्मा-धर्मा पर्व में मातम, 3 सहेलियों की डूबने से मौत
श्रेयसी सिंह ने क्या कहा था?
जमुई की घटना को लेकर एक न्यूज चैनल से बातचीत में श्रेयसी सिंह ने कहा था कि “मोरल पुलिसिंग को सभ्य और शालीन तरीके से किया जा सकता है.” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया.
विवाद बढ़ा तो मंत्री ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद श्रेयसी सिंह ने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर और अधूरा काटकर पेश किया गया. उनका कहना है कि इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बार-बार स्पष्ट किया था कि ऐसे असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. फिलहाल उनके बयानों पर जमकर उन्हें घेरा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- जमुई एनकाउंटर पर अनंत सिंह बोले- ‘जो रेप करेगा उसका मर्डर होगा’














