बागपत में दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलेभर में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की. अभियान में 310 किलो मिठाई नष्ट कराई गई, जबकि 360 किलो बेसन बूंदी जब्त की गई. आठ दुकानदारों को सुधार नोटिस जारी किए गए और एक दुकान का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया गया.
छापेमारी की कार्रवाई के संबंध में सहायक आयुक्त खाद्य देवेंद्र पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारों के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया. टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई और खाद्य पदार्थों के कुल 11 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे.
दीपोत्सव-2026 से पहले अयोध्या में UPSTDC की सौगात, 6 घंटे में होंगे धार्मिक स्थलों के दर्शन
310 KG मिलावटी मिठाई कराई गई नष्ट
अधिकारी ने बताया कि भगत जी स्वीट्स से सूखी बालूशाही, देसी घी और चमचम के नमूने लिए गए. यहां 90 किलो चमचम, जिसकी अनुमानित कीमत 39,600 रुपये तथा 220 किलो सूखी बालूशाही, जिसकी कीमत 1.36 लाख रुपये है, मौके पर नष्ट कराई गई. रोहित स्वीट्स बड़ौत से खोया, चमचम और बेसन बूंदी के नमूने लिए गए. यहां 54 हजार रुपये कीमत की 360 किलो बेसन बूंदी जब्त कर दुकान का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया गया.
मिठाइयों के नमूनों भेजे गए लैब
इसके अलावा रामू हलवाई और पंजाबी स्वीट्स हाउस से मावा, काठा स्थित शुभम स्वीट्स से मावा व बेसन लड्डू तथा भगवान जी स्वीट्स से चॉकलेट बर्फी का नमूना लिया गया. अमीनगर सराय में जियालाल घेवर और अग्रवाल स्वीट्स, बड़ौत में मंगलम स्वीट्स तथा खेकड़ा में बिसन हलवाई का निरीक्षण कर सुधार नोटिस जारी किए गए.
आपको बता दें कि, त्योहारी सीजन में मिलावटखोर ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने में भी परहेज नहीं करते हैं. ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ बागपत में खाद्य विभाग ने छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी है. यह कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी.
‘धूमधाम की तैयारी करने वाले धड़ाम से गिरे’, MLC चुनाव के नतीजों पर बोले अखिलेश















