भारत के खिलाफ पहले टी20 में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन बनाने के बाद भी हार गई. जब न्यूजीलैंड की पारी खत्म हुई तो विन प्रिडिक्टर में उसके जीत के चांस 72 प्रतिशत दिखा रहे थे. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शुरुआती 6 ओवर में ही 93 रन बनाकर बाजी पलट दी थी, लेकिन कीवी टीम ने फिर से वापसी की. जब ईशान किशन आउट हुए तो न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीद फिर से 70 प्रतिशत थी. हालांकि, कीवी टीम 225 रन डिफेंड नहीं कर सकी. भारत ने दो गेंद शेष रहते मैच जीत लिया. इस हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर काफी निराश दिखे. जानें उन्होंने किसे इस हार का दोषी ठहराया.
क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेले गए पहले टी20 में मिली हार के बाद कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, “उन्होंने (भारत) हम पर दबाव बनाया. हमें पता था कि वह ऐसा ही करेंगे और एक बार फिर उन्होंने पावरप्ले में बहुत रन बनाए. शायद हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए. हमें कुछ चीजों में सुधार करने की जरूरत है, लेकिन मुझे लगता है कि हमें पता है कि गेंद कैसे बर्ताव करती है, इसलिए हम उन्हें धीमा कर सकते हैं. मुझे लगता है कि बीच के ओवरों में हमने उन्हें अच्छे से बांध कर रखा और मुकाबला काफी कड़ा हो गया था. दोनों ही टीमों के पास सुधार करने के लिए कुछ चीजें हैं. यह मैच किसी भी तरफ जा सकता था.”
जब पूछा गया कि न्यूजीलैंड कहां सुधार कर सकता है, तो सैंटनर ने अतिरिक्त रन और फील्डिंग के दौरान छूटे कुछ मौकों की ओर इशारा किया. कीवी कप्तान ने कहा, “शुरुआत में दिए गए अतिरिक्त रन एक कारण हो सकते हैं. हालांकि, फील्डिंग में हम काफी अच्छे थे, लेकिन यहां कैच पकड़ना आसान नहीं होता है. कुछ और मौके भुनाए जा सकते थे, और डेथ ओवरों में भी सुधार की गुंजाइश थी. हालांकि, पावरप्ले हमेशा से ही एक चुनौती रहता है. हमें उन्हें धीमा करने का कोई तरीका खोजना होगा. शायद पावरप्ले में 100 रन देने के बजाय, हम इसे 80 रनों तक सीमित कर सकें.”
यह भी पढ़ें-
सौरव गांगुली को हाई कोर्ट से लगा झटका, इस फिल्म पर रोक लगाने की लगाई थी गुहार















