बीजेपी का दावा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी विदेश यात्रा पर चले गए हैं. इसे लेकर पूछे गए सवाल पर आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी को अराजक पार्टी करार दिया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में चले गए और कौन किस देश में चला गया, वो सब हिसाब किताब बीजेपी और कांग्रेस आपस में करते रहें. हमें तो वोट चोरी का हिसाब चाहिए.
AAP सांसद जब पूछा गया कि राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर बीजेपी ने एक बार फिर सवाल उठाया है और कहा है कि पूरे देश में प्रदर्शन करने के बाद देश में अराजकता का माहौल फैलाकर राहुल गांधी अब विदेश यात्रा पर चले गए हैं. इस पर उन्होंने कहा, ”सबसे बड़ी अराजक पार्टी इस देश में अगर कोई है तो बीजेपी है. अब राहुल गांधी विदेश में चले गए और कौन किस देश में चला गया वो सब हिसाब किताब बीजेपी और कांग्रेस आपस में करते रहें. हम लोगों को तो वोट चोरी, सीनाजोरी और पीएम मोदी के संरक्षण के बारे में बीजेपी का क्या कहना है, उसका हिसाब चाहिए.”
‘ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के बारे में BJP का क्या कहना है’
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा, ”ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के बारे में बीजेपी का क्या कहना है? तेरह करोड़ सैंतीस लाख में कितने बांग्लादेशी मिले, कितने पाकिस्तानी मिले, कितने विदेशी नागरिक मिले, इसके बारे में बीजेपी का क्या कहना है?”
जो मुद्दा है उस पर ही BJP को जवाब देना पड़ेगा- संजय सिंह
संजय सिंह ने नसीहत देते हुए आगे कहा कि विषयांतर होने से फायदा नहीं होगा. उन्होंने कहा, ”जो विषय है, जो मुद्दा है, उस पर ही बीजेपी को जवाब देना पड़ेगा और मुद्दा इस वक्त यह है कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने बताया है कि ज्ञानेश कुमार वोट चोर हैं और वह पीएम मोदी के इशारे पर नाच रहे हैं. उनका इस्तीफा चाहिए.”
सौरव-रांका की न्यायिक हिरासत बढ़ने पर रत्ना सिंह बोलीं, ‘कोर्ट में मजाक…’














