समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गन्ना किसानों, PDA और चुनाव आयोग को लेकर दिए गए बयान पर NDA नेताओं ने तीखा पलटवार किया है. केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह और संजय निषाद ने अलग-अलग मुद्दों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को घेरा. पंकज चौधरी ने कहा कि पूरा प्रदेश सपा की किसान विरोधी सोच से वाकिफ है.
वहीं यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को 2027 में हार का डर सता रहा है, इसीलिए वो अभी से चुनाव आयोग पर निशाना साध रहे हैं. वहीं, संजय निषाद ने कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी में पिछड़ों और दलितों का कोई सम्मान नहीं है.
यूपी में लगेंगे पांच डॉप्लर वेदर रडार, बेहतर होगी मौसम की निगरानी
‘सपा राज में गन्ना किसानों को भुगतान के लिए आंदोलन करना पड़ता था’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए काम करके दिखाया है. उन्होंने कई बार गन्ने का मूल्य बढ़ाया है, जबकि सपा सरकार के दौरान किसानों से केवल खोखले वादे किए जाते थे. वहीं, कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गन्ना किसान सबसे ज्यादा परेशान थे और उन्हें भुगतान के लिए आंदोलन करना पड़ता था. उन्होंने कहा कि आज गन्ना किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है.
दयाशंकर सिंह ने कहा कि सपा ने पश्चिमी यूपी में जिस तरह से जाटों का अपमान किया है. हिंदुओं के साथ अत्याचार किया है. उसका खामियाजा उसे 2027 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि सपा सरकार में मुजफ्फरनगर में हुए दंगे को कोई सनातनी नहीं भूला है. पश्चिम में और पूरे प्रदेश में सपा का सफाया निश्चित है.
‘अखिलेश यादव किसानों के मुद्दे पर जितना बोलेंगे, उतना फसेंगे’
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि आज सपा के नेता किसानों की बात कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि सपा सरकार के समय के लंबित भुगतान भी मौजूदा सरकार में किए गए थे. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव किसानों के मुद्दे पर जितना अधिक बोलेंगे, उतना ही फंसते जाएंगे.
‘पिछड़ों-दलितों का सपा में कोई सम्मान नहीं’
संजय निषाद ने कहा कि पिछड़े और दलित पहले सपा के साथ जुड़े थे, लेकिन अखिलेश यादव की नजर में उनका कोई सम्मान नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा केवल एक ही जाति और धर्म को महत्व देती है. इसी वजह से अब पिछड़े और दलित सपा से दूर हो गए हैं. संजय निषाद ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर चलती है.
लखनऊ: सुरेश खन्ना ने बाढ़ प्रभावित इलाके का किया निरीक्षण, दिए निर्देश














