दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने शनिवार (3 अक्टूबर, 2026) को फ्लाईदुबई विमान घटना के हीरो और भारतीय पायलट स्मित माछर से अस्पताल में मुलाकात की. अस्पताल में मुलाकात के दौरान क्राउन प्रिंस ने पायलट स्मित माछर को गले लगाया, उनका माथा चूमा, बातचीत की और उनकी बहादुरी की खूब प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं.
उन्होंने भारतीय पायलट स्मित माछर से अस्पताल में मुलाकात के दौरान की तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में शेयर किया. अपने X पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘कैप्टन स्मित माछर से मुलाकात के दौरान… फ्लाईदुबई के उस पायलट से, जिन्होंने साहस, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी के प्रति संवेदनशीलता की सबसे बड़ी मिशाल पेश की है.’
स्मित माछर की तारीफ में बोले दुबई के क्राउन प्रिंस
During a visit to Captain Smit Machchhar… the flydubai pilot who embodied the highest degrees of courage, responsibility, and care for human life.
From us, and from the leadership of the nation, he has our full appreciation and praise.
We are proud that he is part of our… pic.twitter.com/QgpQxdcK5C
— Hamdan bin Mohammed (@HamdanMohammed) October 3, 2026
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अपने पोस्ट में कहा, ‘हमारे और देश के नेतृत्व की तरफ से, हम उनके प्रति पूर्ण सम्मान और प्रशंसा व्यक्त करते हैं. हमें इस बात पर गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा है, हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं और करूणा, शांति और जीवन से भरे हमारे देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के आदर्शों का हिस्सा है.’
विमान के कॉकपिट में को-पायलट के हमले से घायल हुए थे स्मित
भारतीय पायलट स्मित माछर दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के कैप्टन थे. उसी विमान के को-पायलट ओमानी नागरिक हमाम अल हमामी ने फ्लाइट को क्रैश करने की कोशिश के तहत अचानक कॉकपिट में रखी क्रैश एक्स से कैप्टन स्मित पर हमला कर दिया था. कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हुई हाथापाई के दौरान प्लेन कुछ ही मिनटों में अपनी तय ऊंचाई से हजारों फीट नीचे गिर गया था और दुर्घटना की तरफ बढ़ रहा था.
हालांकि, कैप्टन स्मित माछर ने को-पायलट के हमले से गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद असाधारण सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. इससे प्लेन में मौजूद यात्री कॉकपिट में घुसे और हमलावर को काबू में किया.
मोदी, नेतन्याहू से ट्रंप तक ने की पायलट की तारीफ
विपरीत परिस्थितियों के बावजूद असाधारण सूझबूछ और बहादुरी दिखाते हुए विमान में मौजूद कुल 172 यात्रियों और क्रू सदस्यों की जान बचाने के लिए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर को दुनियाभर से सराहना मिल रही है. यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारतीय पायलट के बहादुरी की तारीफ की है.
यह भी पढ़ेंः फ्लाईदुबाई फ्लाइट के 7 फरिश्ते, जान पर खेलकर हमलावर को दबोचा, नाकाम की साजिश













