रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में ‘हिटमैन’ चाहे शतक लगाने से चूक गए, लेकिन 85 गेंद में 92 रन की पारी खेल उन्होंने इतिहास रच दिया. यह रोहित के अंतर्राष्ट्रीय करियर का 53वां शतक हो सकता था, लेकिन इस बार उन्होंने पार्टनरशिप के लिहाज से 75वां शतक ठोका है.
दरअसल तीसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 137 रनों की शतकीय साझेदारी की. यह ODI क्रिकेट के इतिहास में 75वीं बार है, जब रोहित किसी शतकीय साझेदारी का हिस्सा रहे हैं. वनडे में सबसे ज्यादा 100+ रनों की पार्टनरशिप करने की लिस्ट में रोहित तीसरे स्थान पर हैं.
लगाया 75वां शतक
रोहित शर्मा ने 75वीं बार वनडे क्रिकेट में शतकीय साझेदारी की है. इस लिस्ट में वह सिर्फ सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली से पीछे हैं. ODI फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार 100+ रनों की पार्टनरशिप सचिन तेंदुलकर ने की, जो 99 शतकीय साझेदारियों में शामिल रहे थे. वहीं 88 पार्टनरशिप्स के साथ विराट दूसरे स्थान पर हैं.
ऋतुराज गायकवाड़, रोहित के 15वें पार्टनर हैं, जिनके साथ उन्होंने वनडे फॉर्मेट में शतकीय पार्टनरशिप की है. रोहित-गायकवाड़ ने 132 गेंदों में 137 रनों की पार्टनरशिप की. यह साझेदारी ऐसे समय में आई, जब टीम इंडिया ने महज 4 रन के स्कोर तक शुभमन गिल और विराट कोहली का विकेट खो दिया था.
90 के औसत से खेल रहे रोहित
कुछ दिन पहले तक रोहित शर्मा अपनी खराब फॉर्म को लेकर आलोचनाओं में घिरे थे. मगर इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे से लेकर अब तक रोहित ने 90.75 के बेहतरीन औसत से रन बनाए हैं. पिछली 4 वनडे पारियों में रोहित अब तक 363 रन बना चुके हैं, और इस दौरान उनका औसत 90.75 का रहा है. पिछली 4 पारियों में उन्होंने दो शतक और एक फिफ्टी लगाई है. आखिरी 4 पारियों में रोहित ने 138, 32, 101, 92 स्कोर किया है.
यह भी पढ़ें;
भारत की पुरुष हॉकी टीम ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में पांचवीं बार जीता गोल्ड
















