फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के साथ नजर आ चुके एक्टर शरद कपूर इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. वो अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. पिछले कुछ समय से वो आर्थिक तंगी और निजी परेशानियों का सामना कर रहे हैं. कुछ दिन पहले ही उन्होंने वीडियो शेयर कर फिल्म इंडस्ट्री से काम और आर्थिक मदद की अपील की थी.
इसके बाद सोनू सूद और सलमान खान ने उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया. वहीं, प्रोड्यूसर शरद चौधरी ने भी उन्हें 3.5 लाख रुपये का चेक दिया. सोशल मीडिया पर फैंस भी लगातार उनका हौसला बढ़ा रहे हैं.
शरद कपूर ने शेयर किया वीडियो
अब शरद कपूर ने एक नया वीडियो शेयर कर लोगों का शुक्रिया अदा किया है. उन्होंने कहा कि वो अगले साल यानी जनवरी 2027 से काम पर लौटने के लिए तैयार हैं. साथ ही उन्होंने फैंस से अपना प्यार और सपोर्ट बनाए रखने की अपील की.
‘भगवान आप लोगों को हमेशा खुश रखे’
एक्टर ने कहा, ‘तो मैं अपने फैंस को बोलूंगा कि आप लोगों का बहुत-बहुत शुक्रिया. भगवान आप लोगों को हमेशा खुश रखे. बस इतना प्यार बनाए रखिएगा, मैं कभी आप लोगों को निराश नहीं करूंगा. जनवरी में मैं रॉकस्टार की तरह काम करने लग जाऊंगा और मैं वैसा ही रहूंगा.’
इस वीडियो को शेयर करते हुए शरद कपूर ने कैप्शन में लिखा, ‘आपके सपोर्ट के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद.’
सोनू सूद ने शरद कपूर से की मुलाकात
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद भी शरद कपूर की मदद के लिए आगे आए हैं. उन्होंने हाल ही में मुंबई के बांद्रा में शरद कपूर से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिया. सोनू ने उनकी पैर की चोट और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए मेडिकल सप्लाई और डॉक्टरों की व्यवस्था में मदद की है. इसके अलावा, रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनू ने उन्हें अपनी आने वाली फिल्म में काम देने का भी भरोसा दिया है, ताकि वो एक बार फिर एक्टिंग की दुनिया में वापसी कर सकें.
शरद कपूर कौन हैं?
शरद कपूर बॉलीवुड एक्टर हैं, जिन्होंने हिंदी और बंगाली फिल्मों में काम किया है. उन्हें सबसे ज्यादा पहचान साल 2000 में आई शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की फिल्म ‘जोश’ से मिली थी. इस फिल्म में उन्होंने विलेन प्रकाश शर्मा का किरदार निभाया था. ‘जोश’ में उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट विलेन कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था. शरद कपूर ने अपने करियर की शुरुआत 1994 में फिल्म ‘मेरा प्यारा भारत’ से की थी. इसके बाद वो ‘दस्तक’, ‘त्रिशक्ति’, ‘जोश’, ‘हाथियार’, ‘जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी’, ‘LOC: कारगिल’, ‘लक्ष्य’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में नजर आए.














