चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 10 साल में पहली बार अमेरिका पहुंच गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोटोकाल तोड़ते हुए उनका ज्वाइंट बेस एंड्रयूज एयरपोर्ट पर खुद स्वागत किया और रेड कार्पेट बिछाकर उन्हें औपचारिक सम्मान दिया.
शी के लिए ट्रंप ने तोड़ा प्रोटोकॉल
किसी विदेशी नेता के स्वागत के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का एयरपोर्ट पहुंचना सामान्य नहीं है, क्योंकि आमतौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में ही विदेशी नेताओं का स्वागत करते हैं. शी जिनपिंग की यह एक दशक से ज्यादा समय बाद वॉशिंगटन की पहली राजकीय यात्रा है.
STORY | China’s Xi arrives in the US for 3-day visit to rare airport reception by Trump
Chinese President Xi Jinping arrived in Washington on a three-day visit to a warm welcome from US President Donald Trump, who received him at the airport amid pomp and fanfare.
(Story by… pic.twitter.com/dQEwW7rDF6
— Press Trust of India (@PTI_News) September 24, 2026
ट्रंप और जिनपिंग की मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक और रणनीतिक मुद्दों को लेकर कई मतभेद हैं. दोनों नेताओं की बातचीत में व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI, ताइवान और ईरान जैसे मुद्दे प्रमुख रहने की उम्मीद है.
चीन दौरे का बदला अमेरिकी स्वागत
ट्रंप के एयरपोर्ट जाकर शी जिनपिंग का स्वागत करने के पीछे मई में उनकी चीन यात्रा का संदर्भ भी देखा जा रहा है. उस दौरान चीन में ट्रंप का बड़े स्तर पर स्वागत किया गया था. ट्रंप पहले भी शी जिनपिंग के साथ अपने संबंधों को सकारात्मक बताते रहे हैं और उन्होंने कहा है कि वह चाहते हैं कि वॉशिंगटन पहुंचने पर चीनी राष्ट्रपति को उच्च स्तर का स्वागत मिले.
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने भी बताया कि उनके पति ने शी का व्यक्तिगत रूप से स्वागत करने का फैसला क्यों किया. फॉक्स न्यूज चैनल के कार्यक्रम ‘फॉक्स एंड फ्रेंड्स’ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं.
मेलानिया ने कहा कि शी अमेरिकी धरती पर आ रहे हैं और ऐसे में उनका पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया जाना चाहिए.
व्हाइट हाउस में औपचारिक कार्यक्रम और स्टेट डिनर
शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के लिए व्हाइट हाउस ने कई औपचारिक कार्यक्रम तय किए हैं. गुरुवार को शी और पेंग व्हाइट हाउस में एक समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद ट्रंप और शी के बीच बातचीत होगी.
गुरुवार शाम व्हाइट हाउस में औपचारिक स्टेट डिनर का भी आयोजन किया गया है. यह दौरा शुक्रवार तक जारी रहेगा.
व्यापार, AI, ताइवान और ईरान पर होगी चर्चा
ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच बातचीत में व्यापार प्रमुख मुद्दों में से एक रहने की उम्मीद है. अमेरिका और चीन लंबे समय से व्यापार और टैरिफ को लेकर मतभेदों का सामना कर रहे हैं. इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस दोनों देशों के बीच प्रतिस्पर्धा का एक अहम क्षेत्र बन चुका है.
ताइवान को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच मतभेद हैं. इसके अलावा चीन के ईरान के साथ संबंध और ईरान से जुड़े मुद्दे भी बातचीत में उठ सकते हैं. रॉयटर्स के मुताबिक, दोनों नेता पिछले कई महीनों से व्यापार और अन्य मुद्दों पर चले आ रहे मतभेदों के बीच अमेरिका-चीन संबंधों में स्थिरता बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं.
इस साल दूसरी सीधी मुलाकात
शी जिनपिंग की यह यात्रा इस साल ट्रंप के साथ उनकी दूसरी सीधी मुलाकात का मौका है. इससे पहले ट्रंप मई में चीन गए थे, जहां दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी. मतभेदों के बावजूद अमेरिका और चीन दोनों ही सरकारें शीर्ष स्तर पर बातचीत जारी रखने और आपसी संवाद बनाए रखने की जरूरत पर जोर देती रही हैं.
यह भी पढ़िएः EXPLAINED: आज दिन और रात लगभग बराबर होंगे? सितंबर इक्विनॉक्स का रहस्य जानिए














