उत्तराखंड में हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में मध्य प्रदेश की युवती ने सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से संपर्क होने और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती का आरोप है कि आरोपी ने खुद को ‘अमन’ बताकर उससे दोस्ती की और शादी का भरोसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने शाहरुख, उसके भाई और मां समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मामले में मुख्य आरोपी शाहरुख को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है.
यह भी पढ़ें: महोबा में 48 घंटे की बारिश के बाद तबाही, 2 की मौत; दर्जनों मकान ढहे
क्या है पूरा मामला ?
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 25 सितंबर को युवती ने पथरी थाने में शिकायत दी थी. पूछताछ में सामने आया कि युवती और मुख्य आरोपी की सोशल मीडिया के माध्यम से काफी समय से बातचीत हो रही थी. एसएसपी के मुताबिक मामले में तीन लोग नामजद हैं, जिनमें एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी आरोपियों के खिलाफ जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है. जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
युवक की मां और भाई पर भी आरोप
युवती का आरोप था कि आरोपी युवक उसे पथरी स्थित अपने घर ले आया और बंधक बना लिया था. उसकी मां और भाई ने भी उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया. किसी तरह वह पुलिस के पास पहुंची और आप बीती बताई, जिसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया.
हरिद्वार में इस तरह की घटना से हड़कंप मच गया है. हिन्दू संगठनों ने ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. उधर पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क कर उन्हें सौंपने की तैयारी कर ली है. अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: ‘नौकरी के चक्कर में मत पड़ो, ई-रिक्शा चलाओ’, ब्रजेश पाठक अपने ही बयान से घिरे














