जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. एहतियात के तौर पर 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने, शराब की दुकानों को दो दिन बंद रखने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के फैसले किए गए हैं.
इस बीच, स्कूलों और कॉलेजों ने भी विद्यार्थियों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था में संभावित बाधा को देखते हुए ऑनलाइन कक्षाएं, परीक्षा स्थगित करने और कार्यक्रमों में बदलाव जैसे कदम उठाए हैं.
हालांकि, दिल्ली पूरी तरह बंद नहीं रहेगी. जिला अदालतें खुली रहेंगी, लेकिन पटियाला हाउस और राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई केवल वर्चुअल माध्यम से होगी. रेलवे स्टेशनों पर वैध टिकट वाले यात्रियों को नहीं रोका जाएगा.
कनॉट प्लेस के व्यापारियों को दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रखने की सलाह दी गई है, जबकि मेट्रो और रेल सेवाओं को पूरी तरह बंद करने के बजाय नियंत्रित तरीके से जारी रखने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं.
10 अक्टूबर को क्या बंद रहेगा, क्या खुलेगा?
- दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार शुक्रवार रात 9 बजे से अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की गई है. ये प्रतिबंध 10 अक्टूबर को भी लागू रहेंगे.
- जामा मस्जिद, रोहिणी, आईटीओ, यमुना विहार, जनपथ, इंद्रलोक, कालिंदी कुंज, राजीव चौक, मौजपुर-बाबरपुर, खान मार्केट, विश्वविद्यालय, लाजपत नगर, झंडेवालान, ओखला विहार, पटेल चौक, शालीमार बाग, केंद्रीय सचिवालय, जाफराबाद, मंडी हाउस, आदर्श नगर, दिल्ली गेट, हौज खास, कन्हैया नगर, सुप्रीम कोर्ट, सीलमपुर, अर्जन गढ़, नई दिल्ली, जसोला विहार-शाहीन बाग, करोल बाग, विधानसभा, शिवाजी स्टेडियम, कश्मीरी गेट, वेलकम, सराय काले खां-निजामुद्दीन, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल, आश्रम, इंद्रप्रस्थ, हैदरपुर बादली मोड़, चावड़ी बाजार, लोक कल्याण मार्ग, मजलिस पार्क, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, जंगपुरा, सेवा तीर्थ, नेताजी सुभाष प्लेस, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, रिठाला, बाराखंबा रोड, खजूरी खास, दिल्ली हाट-आईएनए, राजेंद्र प्लेस, आजादपुर, जाफराबाद, झंडेवालान, जोर बाग, इंद्रलोक, गुरु तेग बहादुर नगर, शाहदरा, सराय काले खां-निजामुद्दीन स्टेशन बंद रहेंगे
शराब की दुकानें बंद
- दिल्ली में 10 अक्टूबर को सभी रीटेल शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है.
- आबकारी विभाग के डिप्टी कमिश्नर तनवीर अहमद ने यह आदेश जारी किया है.
स्कूलों में क्या होगा?
- सरदार पटेल विद्यालय में छठी से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 10 अक्टूबर को ऑनलाइन होगी. शुक्रवार को विद्यार्थियों के रुकने की सुविधा भी बंद कर दी गई. शनिवार को होने वाला गतिविधि सप्ताह का उद्घाटन समारोह स्थगित कर दिया गया है.
- रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल में शनिवार को प्रस्तावित शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) का समय बदल दिया गया है. संशोधित कार्यक्रम की जानकारी बाद में दी जाएगी.
- भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में 10 अक्टूबर को होने वाली मध्यावधि परीक्षाएं स्थगित कर सोमवार के लिए निर्धारित की गई हैं. परीक्षाओं का समय पहले जैसा रहेगा.
- महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में शनिवार की मध्यावधि परीक्षाएं स्थगित कर 12 अक्टूबर तक के लिए टाल दी गई हैं.
अदालतें खुलेंगी या बंद रहेंगी?
- दिल्ली के सभी सात कोर्ट परिसरों में जिला अदालतें 10 अक्टूबर को खुली रहेंगी और कामकाज करेंगी.
- पटियाला हाउस कोर्ट और राउज एवेन्यू कोर्ट में दीवानी और आपराधिक मामलों समेत सभी मामलों की सुनवाई केवल वर्चुअल माध्यम से होगी.
- इन दोनों परिसरों में तैनात जो न्यायिक अधिकारी अदालत नहीं पहुंच पाएंगे, वे भी वर्चुअल माध्यम से कार्यवाही कर सकेंगे.
- दिल्ली की किसी भी जिला अदालत में वादी, वकील, गवाह या आरोपी के पेश नहीं होने पर इस आधार पर प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया जाएगा.
- किसी मामले में तत्काल सुनवाई की जरूरत होने पर उसे कम अंतराल की अगली तारीख के लिए स्थगित किया जाएगा.
- विचाराधीन कैदियों को सभी जिला अदालतों में केवल वर्चुअल माध्यम से पेश किया जाएगा.
कनॉट प्लेस के दुकानदारों से अपील
- नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने 10 अक्टूबर को कनॉट प्लेस की सभी दुकानों, कार्यालयों, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने की सलाह दी है.
- यह अपील एहतियात के तौर पर जारी की गई है. व्यापारियों और प्रतिष्ठानों के मालिकों से अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने को कहा गया है.
रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों का क्या होगा?
- दिल्ली पुलिस के अनुसार, वैध टिकट लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को नहीं रोका जाएगा.
- सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 10 से अधिक कंपनियों और 400 से अधिक रेलवे पुलिस कर्मियों की तैनाती की जानकारी दी गई है. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी रहेगी.
- शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर आने या वहां से प्रस्थान करने वाली कई ट्रेनों के रद्द होने की सूचना भी दी गई है. यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति जांचकर यात्रा करने की सलाह दी गई है.
- दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर लगभग 25 हजार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती समेत व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी है. केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 120 से अधिक कंपनियां भी तैनात की जा सकती हैं.
- दिल्ली की सीमाओं, बस टर्मिनलों, होटलों, लॉज, गेस्ट हाउस और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जांच और निगरानी बढ़ाई गई है.
- पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है. प्रदर्शन के लिए लामबंदी के संबंध में 200 से अधिक कंटेंट क्रिएटर जांच के दायरे में होने की जानकारी दी गई है.
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण दिल्ली मेट्रो और राजधानी आने-जाने वाली रेल सेवाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जाए. चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि सब कुछ ठप नहीं किया जा सकता.
अदालत ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के इस आश्वासन का संज्ञान लिया कि अधिकारियों से मेट्रो और रेल सेवाओं को उचित नियमन के साथ जारी रखने के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया जाएगा. पीठ ने निर्देश दिया कि सेवाओं के संचालन, यातायात नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों के बारे में फैसलों का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो. अदालत ने सड़कों पर बैरिकेड लगाने के फैसले पर भी पुनर्विचार करने को कहा.














