बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अगले महीने स्वदेश वापसी को लेकर देश में तनाव बढ़ गया है. बांग्लादेश में हालात पर काबू रखने के लिए सरकार ने कई जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी और सीमा सुरक्षा बल की 108 टुकड़ियां तैनात की हैं. इनमें से अकेले 56 को ही शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में भेजा गया है.
गोपालगंज में 56 पलटन तैनात हैं. वहां पर पहले से ही करीब 2,000 पुलिसकर्मी और विशेष बल तैनात हैं, क्योंकि हाल ही में यहां दो थानों और सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों के घरों पर हमले हुए थे. इसके अलावा ढाका और गाजीपुर में 18-18 पलटन, नारायणगंज में 6, चटगांव में 3, मयमनसिंह में 2, कॉक्स बाजार 1 पलटन तैनात हैं. इन सभी के अलावा 4 पलटन को अलर्ट पर रखा गया है. BGB मुख्यालय ड्रोन और बॉडी कैमरों की लाइव फुटेज के जरिए 24 घंटे स्थिति पर नजर रख रहा है.
बॉर्डर पर बढ़ाई चौकसी
खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि अवामी लीग के कार्यकर्ता सरकारी संपत्तियों और प्रमुख नेताओं को निशाना बना सकते हैं. इसके चलते सत्तारूढ़ बीएनपी (BNP), जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के नेताओं को सतर्क कर दिया गया है. साथ ही, भारत और म्यांमार से लगने वाले 30 सीमावर्ती जिलों में भी गश्त तेज कर दी गई है ताकि सीमा पार से हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी रोकी जा सके.
भारत ने जताई चिंता
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाकर किए जा रहे लगातार हमलों पर गंभीर चिंता जताई है. भारत ने बांग्लादेश सरकार से अपील की है कि वह इन सभी घटनाओं की गहराई से जांच कराए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाए.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा स्वाभाविक रूप से भारत के लिए चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश सरकार से आग्रह करता है कि वह इन मामलों की निष्पक्ष जांच करे और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाए.
16 दिसंबर को लौटने का ऐलान
बता दें शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है. उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मल अली ने मंगलवार को बताया कि हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं. उन्होंने बांग्लादेश सरकार से नई दिल्ली से उनकी हवाई यात्रा का इंतजाम करने को भी कहा है.
ये भी पढ़ें: ‘पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर लगेगा चेतावनी लेबल, पढ़ने में आसानी हो…’ SC का बड़ा फैसला














