हूती लड़ाकों ने हाल ही में रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक टावर पर अटैक किया है. इस आतंकी हमले में दो भारतीय नागरिकों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए. भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है.
भारत ने कहा, हम 24 नवंबर को रियाद में वित्तीय जिले के टावरों में से एक पर हुए हमले के साथ-साथ सऊदी अरब साम्राज्य में नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं.
दो भारतीय हुए घायल
विदेश मंत्रालय ने कहा, रियाद वित्तीय जिले पर हुए हमले में घायल हुए लोगों में दो भारतीय भी शामिल हैं. रियाद में भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है. ये हमले नागरिक जीवन को गंभीर रूप से खतरे में डालते हैं, सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं. हम ऐसे हमलों को तत्काल बंद करने का आह्वान करते हैं.
हम सऊदी अरब साम्राज्य के लोगों और सरकार के साथ अपनी दृढ़ एकजुटता भी दोहराते हैं और अपनी संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और अपने नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा और संरक्षा में राज्य को अपने अटूट समर्थन की पुष्टि करते हैं. हमें पूरी उम्मीद है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति लौटेगी.
सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक घायलों में भारतीयों के अलावा सऊदी अरब, नेपाल और मिस्त्र के नागरिक भी शामिल हैं. भारत के अलावा लेबनान और कतर ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने इसे सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया है.
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है. इससे पहले यमन के अल-हुदैदाह प्रांत में सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा हवाई हमले करने के आरोप लगे थे.
ये भी पढ़ें: कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर अभिषेक मनु सिंघवी को आया गुस्सा, ‘सिंदूर का उपहास उड़ाना…














