रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन की शुरुआत 11 अक्टूबर से हो चुकी है. पहले राउंड के मैच में रिंकू सिंह से लेकर मोहम्मद शमी समेत टीम इंडिया के कई सितारों ने जलवा बिखेरा है. हालांकि यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल फ्लॉप हो गए थे. वहीं सरफराज खान तो नहीं चले, लेकिन उनके भाई मुशीर खान ने मुंबई के लिए खेलते हुए अर्धशतक जड़ दिया.
भारतीय टीम के लिए खेल चुके कई इंटरनेशनल स्टार, रणजी ट्रॉफी के पहले राउंड के मैचों में खेल रहे हैं. हरियाणा ने भी हिमाचल प्रदेश का बुरा हाल कर दिया, जिसके लिए अंशुल कंबोज ने 4 विकेट झटके. यहां जान लीजिए किन-किन खिलाड़ियों ने अब तक दमदार प्रदर्शन किया है और कौन फेल हुआ है.
रिंकू का शतक, शमी ने भी उड़ाया गर्दा
उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हुए रिंकू सिंह ने 112 रनों की शतकीय पारी खेली. बिहार के खिलाफ इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए. यह उनके फर्स्ट-क्लास करियर की 10वीं सेंचुरी रही. उनके अलावा माधव कौशिक भी शतक जड़ चुके हैं. उत्तर प्रदेश की टीम दमदार स्कोर की तरफ आगे बढ़ रही है.
मोहम्मद शमी टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन उनकी शानदार फॉर्म बरकरार है. बंगाल के लिए खेलते हुए उन्होंने दिल्ली के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. उनकी घातक गेंदब्याज के चलते दिल्ली की पहली पारी महज 240 रनों पर सिमट गई.
सिराज नहीं ले पाए विकेट, जडेजा ने ठोके 80
हैदराबाद की कप्तानी कर रहे मोहम्मद सिराज ने 9 ओवरों में 25 रन दिए लेकिन एक भी विकेट नहीं ले पाए. मगर अनिकेत रेड्डी के 5 विकेट हॉल की बदौलत हैदराबाद ने त्रिपुरा की टीम को 134 रनों पर ऑलआउट कर दिया. दूसरी ओर रवींद्र जडेजा भी सौराष्ट्र के लिए खेल रहे हैं, जिन्होंने पहली पारी में 80 रन ठोक दिए.
गत चैंपियन जम्मू कश्मीर ने भी धमाकेदार शुरुआत की है. पिछले सीजन के टॉप विकेट टेकर आकिब नबी पहली पारी में सिर्फ एक विकेट ले पाए, लेकिन उनकी टीम ने मध्य प्रदेश को 196 रनों पर समेट दिया. इसी बीच कर्नाटक की टीम में बड़े-बड़े स्टार खेल रहे हैं, लेकिन केएल राहुल, मयंक अगरवाल और करुण नायर, ये तीनों बल्लेबाज रनों के मामले में दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके.
यह भी पढ़ें:
‘विराट को संन्यास के लिए मजबूर किया गया…’, अजीत अगरकर पर लगे गंभीर आरोप

















