आज देशभर में भाई दूज का पर्व मनाया जा रहा है. हर कोई इस त्योहार को अपने अंदाज में सेलिब्रेट कर रहा है. इस खास मौके पर क्रिकेट से लेकर बॉलीवुड तक के कई सेलेब्स सोशल मीडिया के जरिए अपने भाई-बहनों पर प्यार लुटा रहे हैं. विराट कोहली की बहन ने इस मौके पर उन्हें विश किया है, तो सोहेल खान ने भी इस रिश्ते को खून के रिश्ते से बढ़कर माना है और एक खास पोस्ट किया है.
विराट कोहली को बहन ने किया विश
भावना कोहली ढींगरा ने भाई दूज के मौके पर अपने भाई और क्रिकेटर विराट कोहली के लिए प्यार जाहिर किया. उन्होंने विराट के साथ एक पुरानी फोटो शेयर करते हुए उन्हें भाई दूज की बधाई दी. फोटो में विराट सूट-बूट और काला चश्मा लगाए नजर आ रहे हैं, वहीं भावना भी स्टाइलिश लुक में दिखीं. उन्होंने फोटो के साथ लिखा, ‘हैप्पी भाई दूज माय लिटिल वन’ कहकर त्योहार की बधाई दी.

सोहेल खान ने किया खास पोस्ट
सलमान खान के छोटे भाई और एक्टर सोहेल खान ने भी भाई दूज के मौके पर अपनी निक्की दीदी को याद किया है. हालांकि, निक्की उनकी सगी बहन नहीं हैं, लेकिन वे फिर भी उनसे खूब प्यार करते हैं. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर निक्की और अरहंत के साथ एक पुरानी फोटो शेयर की है. इसके साथ उन्होंने एक इमोशनल नोट भी लिखा है. उन्होंने लिखा, ‘भाई-बहन एक ही खून से जुड़े होते हैं, लेकिन निक्की दीदी और अरहंत भैया भले ही मेरे सगे भाई-बहन नहीं हैं, फिर भी मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा हैं. इतना ही नहीं सोहेल ने दोनों को अपनी ‘लविंग लाइफलाइन’ और ‘ट्रू ब्लू ब्लड’ बताया ’
अरिया अग्रवाल ने भी मजाकिया पोस्ट के जरिए भाई को किया विश
‘कसौटी जिंदगी की 2’ और ‘क्या हाल मिस्टर पांचाल’ से टीवी इंडस्ट्री में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस अरिया अग्रवाल ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए भाई को विश किया. उन्होंने एक पोस्ट शेयर किया जिसमें लिखा था, ‘जब पूरी दुनिया मेरे खिलाफ होगी. मुझे पता है तब भी तुम, मेरी साइड होंगे. हैप्पी भाई दूज भाई.’ इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘अनॉयिंग 100/100, थॉटफुल 100/100, केयरिंग 100/100, कूलर दैन मी 0/100’

श्रेया चौधरी और राशी खन्ना ने भी किया भाई को विश
वेब सीरीज ‘बंदिश बैंडिट्स’ फेम श्रेया चौधरी ने भी अपने इंस्टाग्राम पर अपने भाई करण चौधरी के साथ एक पुरानी फोटो शेयर करते हुए उन्हें भाई दूज की बधाई दी है. एक्ट्रेस राशि खन्ना ने भी अपने भाई को भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनकी खुशियों की कामना की है.















