मिस्त्र की राजधानी काहिरा के रिंग रोड पर एक बड़ा हादसा हो गया है. एक तेल के टैंकर में आग लगने से 31 लोगों की मौत हो गई है और 21 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. तेल टैंकर में ब्लास्ट होने के बाद आग बहुत तेजी से फैली और ये आग आस-पास मौजूद गाड़ियों को अपनी चपेट में ले गई. रिपोर्ट के मुताबिक तेज रफ्तार ऑयल टैंकर बेकाबू होकर हाईवे पर पलट गया था. जिसके बाद उसमें ब्लास्ट के साथ आग लग गई थी.
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मिस्र की राजधानी को घेरने वाले मुख्य मार्ग ‘रिंग रोड’ पर लगी इस आग में कम से कम 21 लोग घायल हो गए और दो दर्जन से अधिक कारें व मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राजमार्ग का वह हिस्सा जहां यह दुर्घटना हुई, वह गीजा के ‘वरक’ इलाके में पड़ता है. यह इलाका घनी आबादी वाला है और ‘ग्रेटर काहिरा’ क्षेत्र का हिस्सा है.
हर साल होते हैं कई हादसे
मिस्र में हर साल सड़क हादसों में हजारों लोगों की जान जाती है और यहां परिवहन सुरक्षा का रिकॉर्ड काफी खराब है. तेज रफ्तार, खराब सड़कें और यातायात नियमों का ठीक से पालन न होना, ज्यादातर दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं.
स्वास्थ्य मंत्री ने जताया शोक
स्वास्थ्य मंत्री ने वर्राक अग्निकांड के पीड़ितों के प्रति शोक जताया और अस्पतालों में घायलों का हाल जाना. स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्री डॉ. खालिद अब्देल गफ्फार ने वर्राक अग्निकांड के पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. डॉ. खालिद अब्देल गफ्फार ने गीजा गवर्नरेट के इम्बाबा स्थित वर्राक जिले में, अशारा सुरंग के ऊपर लगी आग के स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों का जायजा लिया. उन्होंने रेफरल अस्पतालों में घायलों की स्थिति देखी और यह सुनिश्चित किया कि तैयारियों का स्तर बढ़ा दिया गया है.
मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता डॉ. होसाम अब्देल गफ्फार ने आग की घटना में हताहतों की अंतिम संख्या बताई, 21 लोग घायल हुए और 31 लोगों की मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: 25 फीसदी टैरिफ वाले अमेरिकी प्रस्ताव पर भारत का दो टूक जवाब, जानें क्या कहा?














