रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी के निधन से उनका पूरा परिवार दुखी है. कृष्णा मुखर्जी का 22 सितंबर को 75 साल की उम्र में निधन हो गया. वह पहले गायिका भी रह चुकी थीं. उनके निधन की खबर सामने आने के बाद परिवार और फिल्म जगत से जुड़े लोग उन्हें याद कर रहे हैं. इसी बीच एक्ट्रेस काजोल ने भी कृष्णा मुखर्जी को याद किया है.
काजोल ने सोशल मीडिया पर कृष्णा मुखर्जी की एक फोटो शेयर की. इस फोटो के साथ काजोल ने लिखा, ‘इस सुंदर आसमान में एक और सितारा जुड़ गया है, जिसने आकाश को और सुंदर बना दिया है.’ ये फोटो दुर्गा पूजा के वक्त की है, इसमें काजोल और कृष्णा मुखर्जी के पीछे दुर्गा माता की मूर्ती साफ दिखाई दे रही है.
रानी की मां के साथ काजोल का भी था खास रिश्ता
कृष्णा मुखर्जी रानी की मां थी. बल्कि काजोल की आंटी भी थीं. काजोल और रानी मुखर्जी कजिन हैं और दोनों के परिवार फिल्मी दुनिया से जुडे हैं.

रानी मुखर्जी के पिता राम मुखर्जी और काजोल के पिता शॉमू मुखर्जी चचेरे भाई थे. इसी वजह से रानी और काजोल का फिल्म इंडस्ट्री से पहले घर-परिवार का रिश्ता है. दोनों एक्ट्रेस कई सालों तक एक-दूसरे के काफी करीब रही हैं. यही वजह है कि कृष्णा मुखर्जी का जाना रानी के साथ-साथ काजोल के लिए भी दुखद है. काजोल की सोशल मीडिया पोस्ट में भी उनके इमोशन साफ दिखते हैं.
ये भी पढें: परिणीति चोपड़ा के साथ ‘शक’ के सेट पर मौजूद थे राघव चड्ढा, फिर भी नहीं पता क्लाइमेक्स
रानी मुखर्जी के काम पर खुलकर राय देती थीं कृष्णा
कृष्णा मुखर्जी अपनी बेटी रानी के काम को लेकर काफी खुलकर बात करती थीं. रानी कई बार बता चुकी हैं कि उनकी मां उनके काम की सबसे बड़ी आलोचक थीं. अगर उन्हें रानी का कोई काम पसंद नहीं आता था, तो वह अपनी बात साफ-साफ कह देती थीं.
रानी के एक्टिंग करियर में उनकी मां का बड़ा योगदान रहा. रानी ने जब फिल्मों में अपनी पहचान बनाई, तब भी कृष्णा लगातार उनका हौसला बढ़ाती रहीं. रानी को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर भी कृष्णा काफी खुश थीं.
रानी मुखर्जी, काजोल और कृष्णा मुखर्जी से जुडा मजेदार किस्सा
काजोल ने एक बार कॉफी विद करण में कृष्णा मुखर्जी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया था. जब करण जौहर ने पूछा कि वो ‘हाउ टू लूज वेट इन 30 डेज’ नाम की बुक किसको देंगी, तो काजोल ने मजाक में कहा कि उनकी लाइफ में ऐसे लोग हैं जिन्हें इसकी जरूरत है. इसके बाद रानी ने सीधा ये कह दिया था कि ये किताब वो अपनी मां को देंगी, फिर काजोल ने भी कहा था, ‘उन्हें इसकी जरूरत है.’
















