फिलीपींस एयरफोर्स के दो विमान हादसे का शिकार हो गए. हादसे में चार पायलटों की मौत हो गई. दरअसल फर्नांडो एयर बेस पर ट्रैनिंग करते हुए दो विमान आपस में ही टकरा गए. इस दुर्घटना को लेकर एयरफोर्स ने बयान भी जारी किया है. उसके मुताबिक शुक्रवार (23 अक्टूबर) को दो SF-260 विमान टकरा गए, जिसकी वजह से उसमें सवार पायलटों की मौत हो गई.
ट्रैनिंग के दौरान हुई दुर्घटना
फिलीपींस एयर फोर्स ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया है कि 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3:51 बजे (फिलीपींस समय अनुसार) फर्नांडो एयर बेस पर एक ट्रेनिंग उड़ान के दौरान दो SF-260 विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने से फिलीपींस वायु सेना (PAF) के चार पायलटों की जान चली गई. दोनों विमान एयर बेस के दायरे के भीतर ही गिरे और इनके अलावा किसी अन्य के साथ कोई भी दुर्घटना होने की कोई खबर नहीं है.
जांच जारी
PAF ने पायलटों की पहचान या दोनों विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले की घटनाओं के बारे में सटीक जानकारी अभी तक नहीं दी है. एयरफोर्स की प्रेस नोट के अनुसार दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है. साथ ही, सुरक्षा के एहतियाती उपाय के तौर पर सभी SF-260 विमानों की उड़ानों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है.
एयरफोर्स ने अपने पायलटों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि “PAF अपने दिवंगत पायलटों की सेवा और बलिदान को नमन करता है. हम उनके शोक संतप्त परिवारों के संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं. परिवारों के अनुरोध पर हम आम जनता से अपील करते हैं कि इस कठिन समय में उनकी निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करें. अहम बात यह भी है कि इससे पहले भी कई बार ट्रेनिंग दौरान विमान हादसे का शिकार हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें- रेस्टोरेंट से शुरू हुई थी राजीव गांधी के साथ लव स्टोरी, सोनिया गांधी ने खुद बताई कहानी














