बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जेडीयू विधायक अनंत सिंह और पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच जारी जुबानी जंग पर जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि कौन क्या बोल रहा है, सब पार्टी के संज्ञान में है और नेतृत्व पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहा है. उमेश कुशवाहा ने एनडीए के सभी आठ उम्मीदवारों के चुनाव जीतने का दावा भी किया.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू ने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया है. वहीं, अनंत सिंह ने उनके खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है. अनंत सिंह ने जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह के खिलाफ पार्टी लेगी बड़ा एक्शन? नीतीश कुमार तक पहुंची बात
‘पार्टी से नाराजगी नहीं, व्यक्तिगत लड़ाई’
अनंत सिंह का कहना है कि उनकी जेडीयू से कोई नाराजगी नहीं है और पार्टी में सब ठीक है. उन्होंने नीरज कुमार के साथ अपने विवाद को व्यक्तिगत बताया है. अनंत सिंह ने दावा किया कि वह नीरज कुमार को चुनाव में हराने के लिए अनुज सिंह का समर्थन करेंगे. इससे पटना स्नातक सीट का मुकाबला खासा चर्चित हो गया है.
अनंत ने लगाए गंभीर आरोप
अनंत सिंह पहले भी नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाते रहे हैं. उन्होंने विवाद के बीच कई बार कहा है कि उनके घर पर एके-47 रखवाकर उन्हें फंसाया गया और जेल भेजने की साजिश की गई. अनंत सिंह ने नीरज कुमार के नार्को टेस्ट की मांग भी की है.
JDU बोली- प्राथमिकता चुनाव जीतना
अनंत सिंह के जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन और प्रशांत किशोर के उम्मीदवार को लेकर पूछे गए सवाल पर उमेश कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के संज्ञान में सब कुछ है. उन्होंने संकेत दिया कि संगठन की प्राथमिकता चुनाव पर केंद्रित रहना है. बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होना है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी.
यह भी पढ़ें- Exclusive: ‘बिहार में जाति हट जाए तो…’, BJP विधायक मैथिली ठाकुर का बड़ा बयान














