बॉलीवुड की मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल ने अपनी सुरीली आवाज से लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई है. पिछले दो दशकों में उन्होंने कई यादगार गाने गाए हैं. उनकी आवाज के बिना बॉलीवुड म्यूजिक अधूरा-सा लगता है. लेकिन एक वक्त ऐसा भी था, जब फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोगों को उनकी काबिलियत पर भरोसा नहीं था.
हाल ही में फिल्ममेकर फराह खान ने इस बात का खुलासा किया कि फिल्म ‘मैं हूं ना’ के गानों के लिए श्रेया घोषाल को मौका देने पर फिल्म इंडस्ट्री ने सवाल उठाए थे.
फराह खान ने किया बड़ा खुलासा
दरअसल, फराह खान हाल ही में अपने नए व्लॉग के सिलसिले में श्रेया घोषाल के मुंबई स्थित घर पहुंची थीं. इस दौरान दोनों ने फिल्म ‘मैं हूं ना’ से जुड़ी पुरानी यादें ताजा की. साल 2004 में रिलीज हुई इस फिल्म के गानों में श्रेया की आवाज सुनने को मिली थी. हालांकि, उस वक्त श्रेया इंडस्ट्री में नई थीं और उनकी फिल्म ‘देवदास’ के गाने भी रिलीज नहीं हुए थे.
श्रेया घोषाल को लेकर लोगों ने फराह खान ने उठाए थे सवाल
बातचीत के दौरान फराह खान ने बताया कि जब ‘मैं हूं ना’ के गाने रिकॉर्ड हो रहे थे, तब कई लोगों ने उन्हें इतनी कम उम्र की नई सिंगर के साथ काम न करने की सलाह दी थी. लोगों को शक था कि श्रेया फिल्म के गानों के साथ न्याय कर पाएंगी या नहीं. हालांकि, फराह और म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक को उनकी आवाज और टैलेंट पर पूरा भरोसा था. दोनों ने लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दिया और श्रेया को गाने का मौका दिया.
फराह खान ने श्रेया घोषाल पर जताया था भरोसा
फराह ने बताया कि श्रेया ने फिल्म का टाइटल ट्रैक और अमृता राव पर फिल्माया गया छोटा-सा हिस्सा बहुत अच्छा गाया था. इसके बाद उन्हें फिल्म में सुष्मिता सेन पर फिल्माया गया गाना भी दिया गया. फराह ने कहा, ‘तुमने ‘मैं हूं ना’ (टाइटल ट्रैक) भी बहुत अच्छा गाया था. अमृता राव के लिए जो छोटा-सा हिस्सा था, वो भी तुमने अच्छा गाया. इसके बाद हमने तुम्हें फिल्म में सुष्मिता वाला गाना दिया. कई लोगों ने मुझे फोन करके पूछा कि मैं इस नई लड़की से क्यों गाने गवा रही हूं. उन्होंने कहा कि मैं बहुत बड़ी गलती कर रही हूं. लेकिन मैंने कहा कि मुझे एक नई आवाज चाहिए.’
सुष्मिता सेन को देखकर श्रेया घोषाण को हुई थी चिंता
वहीं, श्रेया घोषाल ने भी उस दौर का एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पर्दे पर सुष्मिता सेन को देखा तो वो उनकी खूबसूरती देखकर हैरान रह गई थीं. श्रेया को लग रहा था कि क्या उनकी आवाज और गाने सुष्मिता पर अच्छे लगेंगे या नहीं. उन्होंने कहा, ‘जब मैंने स्क्रीन पर सुष्मिता को देखा… वो कितनी खूबसूरत लग रही थीं. मैं सोच रही थी कि क्या मैंने गानों के साथ न्याय किया है.’
‘मैं हूं ना’ में श्रेया ने गाए थे दो गाने, ‘देवदास’ से किया था बॉलीवुड डेब्यू
बता दें कि साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘मैं हूं ना’ का म्यूजिक अनु मलिक ने तैयार किया था, जबकि इसके गाने जावेद अख्तर ने लिखे थे. श्रेया ने इस फिल्म के लिए दो गाने गाए थे. इनमें फिल्म का टाइटल ट्रैक ‘मैं हूं ना’ और ‘तुम्हें जो मैंने देखा’ शामिल हैं. वहीं, श्रेया ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘देवदास’ से बतौर प्लेबैक सिंगर बॉलीवुड में डेब्यू किया था और बेहद कम उम्र में ही अपने काम के लिए पहला नेशनल अवॉर्ड भी जीता था.
















