गोंडा में एक मां ने अपनी बेटी की शादी के लिए पूरी तैयारी की, मैरिज हॉल बुक कराया, दहेज का सामान जुटाया और बारात के स्वागत का इंतजार करती रही. आरोप है कि दहेज में थार गाड़ी की मांग पूरी न होने और सामान की रसीद पर हस्ताक्षर कराने को लेकर हुए विवाद के बाद दूल्हा पक्ष बारात लेकर नहीं पहुंचा. रात के साढ़े 12 बजे तक बेटी बारात का इंतजार करती रही. पीड़ित मां नाजू ने दूल्हा पक्ष पर दहेज की मांग करने और शादी से ऐन वक्त पर पीछे हटने का आरोप लगाया है.
दरअसल, गोंडा की रहने वाली नाजू ने अपनी बेटी की शादी गोरखपुर निवासी मोहम्मद असलम के बेटे सलमान से तय की थी. महिला के मुताबिक, करीब एक साल से शादी की बात चल रही थी और दोनों परिवारों के बीच आना-जाना भी था. आरोप है कि शुरुआत में दूल्हा पक्ष उनकी ओर से किए जा रहे लेन-देन से खुश था, लेकिन शादी की तारीख नजदीक आने पर दहेज की मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया.
मथुराः ब्रजरज उत्सव 2026 में छाया स्वदेशी का जादू, ODOP और खादी उत्पादों पर उमड़ रही भीड़
लड़की पक्ष ने मैरिज हॉल में जुटाया दहेज का सामान
महिला के मुताबिक, शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. राजा मैरिज हॉल में इंतजाम किया गया था और दहेज का सामान भी जुटा लिया गया था. आरोप है कि शादी का जोड़ा भी ठीक नहीं था, जिसको लेकर दुल्हन ने आपत्ति जताई थी. इसके बावजूद परिवार शादी की रस्में पूरी होने की उम्मीद लगाए बैठा था.
पीड़िता ने बताया कि दूल्हा पक्ष ने दहेज का सामान गोरखपुर स्थित अपने घर पहुंचाने की बात कही थी. जब उन्होंने सामान अपने घर से देने की बात कही, तो कथित तौर पर गाड़ी का किराया देने की मांग की गई. बाद में दूल्हा पक्ष की ओर से एक रिश्तेदार को भेजकर सामान लिया गया, जिसकी महिला ने रसीद पर हस्ताक्षर भी कराए. आरोप है कि इसी बात को लेकर सुबह करीब चार बजे फोन पर विवाद हुआ और दुल्हन के पिता को अपमानित किया गया.
दुल्हन की मां ने की भावुक अपील
महिला का कहना है कि उन्होंने दूल्हा पक्ष से शादी करने की गुहार भी लगाई, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी. बारात नहीं पहुंचने से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और बेटी को मेहंदी लगाए बारात का इंतजार करना पड़ा. अपनी आपबीती सुनाते हुए पीड़ित मां ने दूसरी महिलाओं और अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों की शादी तय करते समय सतर्क रहें और उन्हें ऐसे लोगों के हाथों में न सौंपें.
पुलिस ने दूल्हा सहित 3 लोगों पर दर्ज किया नामजद केस
वहीं कोतवाली नगर पुलिस ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत 3 नामजद (दूल्हा मोहम्मद सिम्मी दूल्हे के पिता मोहम्मद सलमान और एक अन्य मोहम्मद असलम )के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच और कार्रवाई में जुट गई है.
दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को DA का तोहफा, CM योगी ने जताया आभार
















