• Home
  • ताजा खबरें
  • सेमीकंडक्टर समिट: MP में 2510 करोड़ का निवेश, 8 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर
Image

सेमीकंडक्टर समिट: MP में 2510 करोड़ का निवेश, 8 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर


इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जा रही दो दिवसीय ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026’ के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आई सेक्टर के निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं. इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव से धनुष हेल्थकेयर सिस्टम्स के डी. एस. एन. मूर्ति ने बैठक कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की. 

इस दौरान मूर्ति ने मध्यप्रदेश में टेक हेल्थकेयर क्षेत्र के अंतर्गत 400 करोड़ के पूंजी निवेश का प्रस्ताव रखा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रदेश के लगभग 500 युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.

स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटलीकरण और राज्यव्यापी विस्तार

चर्चा के दौरान कंपनी ने प्रदेश में अपनी कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि वह राज्य में मोबाइल चिकित्सा इकाइयों (MMU) और टेलीमेडिसिन सेवाओं का बड़े पैमाने पर विस्तार करना चाहती है. इसके तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों के संचालन को आधुनिक डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत किया जा सकता है.

कंपनी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ रणनीतिक साझेदारी और शुरुआती चरण में पायलट जिलों के चयन की अपेक्षा जताई है. इसका मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से आदिवासी, वनांचल और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में परिणाम-आधारित स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम चलाना और अंतिम छोर तक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

हैदराबाद स्थित धनुष हेल्थकेयर सिस्टम्स डिजिटल स्वास्थ्य समाधान और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा (पब्लिक हेल्थकेयर) के क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान है. कंपनी मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के संचालन, अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के कुशल प्रबंधन, स्वास्थ्य स्क्रीनिंग तथा टेलीमेडिसिन सेवाओं के क्रियान्वयन में विशेषज्ञता रखती है. इसके अतिरिक्त, कंपनी ‘आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन’ के अनुरूप उन्नत डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म विकसित करने और विभिन्न राज्य सरकारों के साथ मिलकर ‘लास्ट माइल’ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है.

सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कंपनी के निवेश प्रस्ताव का स्वागत करते हुए मध्यप्रदेश में उद्योग एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए राज्य शासन की ओर से हरसंभव नीतिगत व प्रशासनिक सहयोग का पूरा आश्वासन दिया. इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डी. एस. एन. मूर्ति को ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ (GIS-2027) में सहभागिता के लिए आमंत्रित भी किया.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर में आयोजित दो दिवसीय ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026’ में सहभागिता की. समिट के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न प्रमुख उद्योगपतियों व निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर प्रदेश में औद्योगिक निवेश, तकनीकी विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया. 

समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बियॉन्ड स्टूडियोज़ के संस्थापक एवं सीईओ भारत भूषण (सेबेस्टियन नोआ अकोस्टा जूनियर) ने वन-टू-वन भेंट की. बैठक में कंपनी ने मध्यप्रदेश में 110 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा, जिससे प्रदेश के लगभग 6,000 युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ (GIS-2027) में भाग लेने हेतु आमंत्रित भी किया.

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की होगी स्थापना

इस अवसर पर भूषण ने बताया कि बियॉन्ड स्टूडियोज़ मध्यप्रदेश में एक अत्याधुनिक एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स एवं एक्सटेंडेड रियलिटी (AVGC-XR) स्टूडियो अथवा ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने की इच्छुक है. इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीकी प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर का प्रशिक्षण देकर उन्हें उद्योग के अनुकूल तैयार किया जाएगा. 

वर्ष 2016 में स्थापित हैदराबाद आधारित बियॉन्ड स्टूडियोज़ एक प्रतिष्ठित फिल्म निर्माण और क्रिएटिव-सर्विसेज़ स्टूडियो है, जो VFX, 2D/3D एनीमेशन, प्री-विज़ुअलाइज़ेशन, एडिटिंग, डबिंग, साउंड डिज़ाइन और मार्केटिंग सेवाएं प्रदान करता है. कंपनी ने कई बड़े भारतीय फिल्म प्रोजेक्ट्स में उत्कृष्ट कार्य किया है.

कंपनी ने प्रदेश की AVGC-XR नीति के अंतर्गत फिल्म, वीएफएक्स, एनीमेशन एवं इमर्सिव-कंटेंट प्रोडक्शन हेतु प्रोत्साहन प्राप्त करने तथा उपयुक्त स्थान एवं अधोसंरचना उपलब्ध कराने का आग्रह किया है. साथ ही, बियॉन्ड स्टूडियोज़ ने मध्यप्रदेश के पर्यटन, संस्कृति और शिक्षा क्षेत्रों के संवर्धन हेतु डिजिटल कंटेंट साझेदारी की भी रुचि व्यक्त की है. 

बैठक में सीएम ने दी यह जानकारी

इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य सरकार की उद्योग-हितैषी नीतियों की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश में निवेश और तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग व आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराई जाएगी.

बैठक में उना इकोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड ने भोपाल के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर-2 (ईएमसी-2) में 2,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से प्रदेश में 2,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिसमें 500 से अधिक प्रत्यक्ष और 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल हैं. 

अहमदाबाद स्थित उना इकोसिस्टम्स (जिसकी परियोजना की शुरुआत जापान से हुई थी) इलेक्ट्रिक वाहनों, सौर ऊर्जा, औद्योगिक उपकरणों और ओईएम उपयोग के लिए सुरक्षित एवं फास्ट-चार्जिंग लिथियम-आयन सेल और बैटरी समाधान तैयार करती है. वर्तमान में कंपनी की मध्यप्रदेश में उपस्थिति नहीं है. कंपनी भोपाल के ईएमसी-2 में अत्याधुनिक ‘हाई-एलएमओ’ तकनीक पर आधारित नेक्स्ट-जनरेशन लिथियम-आयन सेल विनिर्माण की ग्रीनफील्ड इकाई स्थापित करने जा रही है. 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उद्योगों को आवश्यक संसाधन एवं विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है. इस विनिर्माण इकाई की स्थापना से मध्यप्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) क्षेत्र का विस्तार होगा, जिससे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े उद्योगों को नई मजबूती मिलेगी.

केंद्र और राज्य सरकार मिलकर दे रही हैं MP के विकास को गति: CM मोहन यादव



Source link

Related Posts

‘उन्हें तुरंत पाकिस्तान…’, फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भड़के मौलाना साजिद रशीदी

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमें बचा रहा है.…

ByByPUJA KUMARI Oct 24, 2026

‘जब बीकानेर हाउस ने…’, रेहान वाड्रा मामले पर बोले शिवसेना नेता संजय निरुपम

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के बेटे और फोटोग्राफर रेहान वाद्रा की प्रदर्शनी से कई तस्वीरें हटाए जाने…

ByByPUJA KUMARI Oct 24, 2026

हिमाचल को केंद्र की सौगात, छह मेडिकल कॉलेजों में 320 नई PG सीटों को मंजूरी

केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के…

ByByPUJA KUMARI Oct 24, 2026

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: इंदौर से 22 साल का इंजीनियर हिरासत में, पूछताछ जारी

मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में इंदौर से 22 साल के इंजीनियर को हिरासत में लिया…

ByByPUJA KUMARI Oct 24, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top