महोबा में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा बिना अनुमति जुलूस निकालने और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करना भारी पड़ गया. पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है. शहर कोतवाली में सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, उपाध्यक्ष प्रेम विश्वकर्मा समेत 10 नामजद और 15-20 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
उपनिरीक्षक पवन गौड़ की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 189(2) और 285 के तहत यह कार्रवाई की है. महोबा शहर में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव के नेतृत्व में सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया था.
सपा कार्यकर्ताओं ने लगाया आरोप
सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि देश में वोट चोरी की गई. जिसे लेकर उन्होंने बिना प्रशासनिक अनुमति के पैदल मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए आंबेडकर पार्क पहुंचे.
इसके बाद आंबेडकर पार्क के बाहर आल्हा चौक पर छात्र संघ जिलाध्यक्ष गंगा यादव, संजय यादव, अंकित पटेल और लालू यादव समेत कई कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला बनाया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. अचानक हुए पुतला दहन से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों का आवागमन बाधित हो गया.
मौके पर तैनात पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए जलते हुए पुतले को खींचकर अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. इस घटना से शहर की कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा. मामले की गंभीरता को देखते हुए शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक पवन गौड़ की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसा है.
इन नामजद लोगों के खिलाफ केस
पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, उपाध्यक्ष प्रेम विश्वकर्मा, पप्पन यादव, योगेश यादव योगी, कल्लू यादव, महेंद्र बीरा, गंगा यादव, संजय यादव, अंकित पटेल और लालू यादव को नामजद किया है. इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात लोगों पर भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2) और 285 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है.
सीओ रविकांत गौड़ ने बताया कि 8 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, उपाध्यक्ष प्रेम विश्वकर्मा तथा उनके अन्य साथियों और करीब 15 से 20 अज्ञात कार्यकर्ताओं द्वारा बिना अनुमति जुलूस निकाला गया. इस दौरान आल्हा चौक पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन करने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर रोक दिया.
उन्होंने बताया कि इस कृत्य से जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हुआ. मामले में चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर, महोबा में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है. प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है.
औद्योगिक प्राधिकरणों में भवन मानचित्र मंजूरी होगी आसान














