यशस्वी जायसवाल रणजी ट्रॉफी 2026-27 सत्र के पहले मैच की तैयारी कर रहे हैं, हालांकि नेशनल ड्यूटी के कारण वह दूसरे मैच में नहीं खेलेंगे. अभ्यास करते हुए उनकी एक वायरल तस्वीर की खूब चर्चा हो रही है, जिसमें वह विकेटकीपिंग करते हुए नजर आ रहे हैं. मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने गुरुवार को पीटीआई से बात करते हुए बताया कि ‘भारत के ओपनर यशस्वी जायसवाल बैटिंग और लेग-स्पिन के अलावा बैक-अप स्किल के तौर पर विकेटकीपिंग का अभ्यास कर रहे हैं.”
रणजी ट्रॉफी 2026-27 का पहला सत्र 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है. मुंबई का पहला मैच चंडीगढ़ के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में है. यशस्वी जायसवाल इस मैच में खेलेंगे, लेकिन नेशनल टीम के मैचों के चलते मुंबई के लिए दूसरा मैच नहीं खेल पाएंगे. मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने पुष्टि करते हुए बताया कि जायसवाल विकेटकीपिंग क्यों कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि उन्होंने विकेटकीपिंग का अभ्यास इसलिए शुरू किया क्योंकि उन्हें लगता है कि उन्हें अपने खेल में कुछ और स्किल जोड़ने की जरूरत है, क्योंकि अभी बहुत ज्यादा कॉम्पिटिशन है. मुझे उनके इरादों के बारे में पक्का नहीं पता, लेकिन अभी वह बहुत प्रैक्टिस कर रहे हैं और मुझे यकीन है कि अगर वह प्रैक्टिस करते रहेंगे, तो उन्हें इसकी आदत हो जाएगी.”
यशस्वी जायसवाल को सिमित ओवरों के क्रिकेट में अभी बहुत ज्यादा मौके नहीं मिल रहे हैं. उन्होंने आखिरी वनडे जून में अफगनिस्तान के खिलाफ खेला था, वो विराट कोहली के रिप्लेसमेंट बनकर टीम में आए थे. अपने आखिरी वनडे में उन्होंने शतक (110) जड़ा था. ऐसे में लगता है कि यशस्वी अपनी स्किल में विकेटकीपिंग को भी जोड़ना चाहते होंगे.
यशस्वी जायसवाल क्रिकेट करियर
24 वर्षीय यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए 31 टेस्ट, 6 वनडे और 23 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें क्रमश 2612, 285 और 723 रन बनाए हैं। टेस्ट में उन्होंने 7, वनडे में 2 और टी20 में 1 शतक लगाया है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने 53 मैचों की 97 पारियों में 4968 रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ें- रांची में खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी? देखें भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी20 की संभावित प्लेइंग 11














