दिल्ली हाईकोर्ट ने एक NGO का विदेशी फंडिंग लाइसेंस रद्द करने के मामले में केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय को कड़ी फटकार लगाई है. कोर्ट ने सवाल उठाया कि आखिर वे कौन से सुरक्षा इनपुट थे जिनके आधार पर Socio-Legal Information Centre का FCRA रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया.सरकार इन इनपुट को गोपनीय बताकर अदालत के सामने भी कोई ठोस जानकारी पेश करने से कैसे बच सकती है. कोर्ट ने साफ कहा कि सुरक्षा से जुड़ी जानकारी इतनी गोपनीय नहीं हो सकती कि अदालत को भी उसके आधार पर की गई कार्रवाई की वजह न बताई जाए.
जस्टिस अनूप जयराम भंभानी की पीठ ने कहा कि सरकार का दावा है कि NGO की तरफ से कुछ गड़बड़ियां की गई थीं और इसकी जानकारी उसे सुरक्षा इनपुट के जरिए मिली थी. सरकार का कहना है कि ये इनपुट गोपनीय हैं.इसलिए इन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. लेकिन कोर्ट ने कहा कि जब किसी संस्था के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई की गई है तो कम से कम अदालत को यह बताना जरूरी है कि आखिर उसके खिलाफ क्या सामग्री मौजूद थी. सिर्फ सुरक्षा इनपुट का हवाला देकर किसी संस्था का रजिस्ट्रेशन रद्द करना उचित नहीं है.
शराब घोटाले में केजरीवाल-सिसोदिया को राहत, CBI बोली- ‘कोर्ट ने की बड़ी गलती’, HC में दलील
NGO ने भारत की छवि खराब की, सरकार के इस आरोप पर भी सवाल
गृह मंत्रालय ने NGO पर आरोप लगाया था कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने भारत के सरकारी संस्थानों की गलत छवि पेश कर रहा था.हाईकोर्ट ने इस आरोप पर भी कड़ी नाराजगी जताई. जस्टिस भंभानी ने कहा कि यह आरोप भरोसा करने लायक नहीं है.कोर्ट ने सरकार की ओर से NGO को इस तरह पेश करने की कोशिश को भी बेबुनियाद बताया..
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि NGO का FCRA रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आदेश गलत और कानून के खिलाफ है.यह कार्रवाई न सिर्फ अनुपातहीन थी.बल्कि इसके असर भी बेहद गंभीर थे. कोर्ट ने सरकार के उस आदेश को रद्द कर दिया जिसके जरिए NGO का विदेशी फंडिंग लाइसेंस खत्म किया गया था.
लाइसेंस रद्द करने से पहले व्यक्तिगत सुनवाई जरूरी
हाईकोर्ट ने FCRA की धारा 14(2) का हवाला देते हुए कहा कि किसी NGO का रजिस्ट्रेशन रद्द करने से पहले उसे व्यक्तिगत सुनवाई का मौका देना जरूरी है. सिर्फ कारण बताओ नोटिस जारी कर देना पर्याप्त नहीं है.खासकर तब जब इस कार्रवाई से किसी संस्था का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो सकता है और उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.
सोशल लीगल इन्फॉर्मेशन सेंटर ने गृह मंत्रालय के 17 अक्टूबर 2022 के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसके तहत उसका FCRA रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया था. इससे पहले फरवरी 2022 में ही संस्था का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया गया था और उसके विदेशी चंदे वाले बैंक खातों पर रोक लगा दी गई थी. कोर्ट ने कहा कि इस NGO के खिलाफ पहले न तो कोई शिकायत थी और न ही उसके खिलाफ ऐसी कोई प्रतिकूल कार्रवाई की गई थी. यह संस्था तीन दशक से ज्यादा समय से समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को कानूनी मदद दे रही थी. लाइसेंस रद्द होने से संस्था का कामकाज लगभग खत्म होने की स्थिति में पहुंच गया.
वकीलों की फीस और किराये के भुगतान पर सरकार ने उठाए थे सवाल
गृह मंत्रालय ने NGO के खातों और रिकॉर्ड की जांच के बाद कई गड़बड़ियों का आरोप लगाया था. इनमें वकील कॉलिन गोंसाल्विस और गायत्री सिंह की बार एसोसिएशन की सदस्यता फीस का भुगतान करना और NGO के कार्यालय के लिए इस्तेमाल हो रही जगह का किराया कॉलिन गोंसाल्विस को देना शामिल था. सरकार का यह भी आरोप था कि NGO ने दक्षिण एशियाई देशों में ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाकर विदेशी नागरिकों को फायदा पहुंचाने के लिए विदेशी चंदे का इस्तेमाल किया हालांकि हाईकोर्ट ने इन आरोपों के आधार पर की गई कार्रवाई को सही नहीं माना.
हाईकोर्ट ने NGO को अपने FCRA रजिस्ट्रेशन के नवीनीकरण के लिए दोबारा आवेदन करने की इजाजत दे दी है.साथ ही केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि इस आवेदन पर जल्द फैसला लिया जाए. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि नए आवेदन पर फैसला करते समय पहले लगाए गए कथित उल्लंघनों को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए.














